Bareilly : सुभाष नगर पुलिया पर अब नहीं होगा जलभराव, अंडरपास की बजाय ओवरब्रिज पर बन रही सहमति

केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार महापौर डॉ उमेश गौतम नगर आयुक्त समेत रेलवे के अधिकारियों ने सुभाष नगर पुलिया पर संयुक्त सर्वे किया। इस दौरान अधिकारियों ने अंडरपास को लेकर साफ इंकार कर दिया जबकि वहां ओवरब्रिज बनाए जाने को लेकर आपसी सहमति बनी है।

By Sant ShuklaEdited By: Publish:Wed, 27 Jan 2021 02:34 PM (IST) Updated:Wed, 27 Jan 2021 05:11 PM (IST)
Bareilly : सुभाष नगर पुलिया पर अब नहीं होगा जलभराव, अंडरपास की बजाय ओवरब्रिज पर बन रही सहमति
अधिकारियों ने पूर्व में सेतु निगम के साथ बनाया गया नक्शा भी दिखाया।

बरेली, जेएनएन। सुभाष नगर पुलिया पर हर साल बारिश में न सिर्फ जलभराव होता है बल्कि लोगों को आने जाने में भी परेशानी होती है। खास बात यह है कि यहां पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। जिसकी वजह से लोग फंसे रहते हैं। बारिश में हालात इस कदर हो जाते हैं कि घुटनों तक पानी भर जाता है। सुभाष नगर के साथ जंक्शन स्टेशन से लगी बस्ती का पानी भी इसी पुलिया से निकलता है।

पानी भर जाने से कई बार लोग स्टेशन के रेलवे ट्रैक को पार करके आते हैं। ऐसे में हादसे की भी संभावना बनी रहती है। पुलिया पर काफी दिनों से ओवरब्रिज बनाने की मांग सुभाष नगर के लोग कर रहे हैं लेकिन इसे अब तक अमलीजामा नहीं पहनाया गया है। हालांकि अब एक बार जब शहर को  स्मार्ट बनाने की कवायद शुरु की गई है तो इस पुलिया पर भी ओवरब्रिज बनाने के लिए बैठकों का दौर शुरु हो गया है।

मंगलवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, महापौर डॉ उमेश गौतम, नगर आयुक्त अभिषेक आनंद समेत रेलवे के अधिकारियों ने सुभाष नगर पुलिया पर संयुक्त सर्वे किया। इस दौरान अधिकारियों ने अंडरपास बनाने को लेकर साफ इंकार कर दिया, जबकि वहां ओवरब्रिज बनाए जाने को लेकर आपसी सहमति बनती दिखाई दी। अधिकारियों ने पूर्व में सेतु निगम के साथ बनाया गया नक्शा भी दिखाया जिसमें एस आकार का ओवरब्रिज का डिजाइन बनाया गया था।

सुभाष नगर के अंदर से शुरू होकर बनने वाला ओवरब्रिज थाने के पास उतारा जाएगा। फिलहाल जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों की सर्किट हाउस में बैठक चल रही है। इसके बाद तय होगा कि वहां क्या बनाया जाएगा। बजट आदि को लेकर भी अधिकारी चर्चा कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी