पहाड़ों में हुई बर्फबारी ने लोगों को दी गर्मी से राहत, आने वाले दिनों में बढ़ेगा तापमान
कुछ दिन के लिए ही सही लेकिन उत्तराखंड में पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने जिले के लोगों को राहत दी है। फरवरी महीने के आखिरी दिन यानी 28 फरवरी को जहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तीन दिन बाद तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बरेली, जेएनएन। कुछ दिन के लिए ही सही, लेकिन उत्तराखंड में पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने जिले के लोगों को राहत दी है। फरवरी महीने के आखिरी दिन यानी 28 फरवरी को जहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, दो मार्च यानी तीन दिन बाद तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी करीब तीन डिग्री कम। इसके अलावा सोमवार के अधिकतम तापमान (29.2 डिग्री सेल्सियस) से यह करीब दो डिग्री सेल्सियस कम था। उत्तराखंड में पहाड़ों पर पड़ी बर्फ का ही असर था कि रात भी फरवरी के आखिरी दिनों की तुलना में कुछ ठंडी हुईं। सोमवार रात न्यूनतम तापमान करीब 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दो दिन बाद ही गर्मी फिर असर दिखाएगी और अधिकतम तापमान बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।
कम बारिश बनी जल्द गर्मी की वजह
मौसम विभाग के मुताबिक फरवरी में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अमूमन 15 एमएम तक बारिश होती थी। अलग-अलग समय पर होने वाली बारिश की वजह से मौसम नम बना रहता था। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। राजस्थान की ओर से आया पश्चिमी विक्षोभ सूखा रहा और महज 2-3 एमएम बरसात ही हुई। शुष्क हवा की वजह से फरवरी के बाद मार्च के शुरूआती महीनों में गर्मी रही।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों का तापमान
तारीख - न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान
03 मार्च 12.1 - 29.5
04 मार्च 14.2 - 30.3
05 मार्च 14.3 - 31.1
06 मार्च 15.0 - 30.0
07 मार्च 16.1 - 29.9
08 मार्च 16.2 - 30.2
क्या कहते हैं मौसम विज्ञानी
पश्चिमी विक्षोभ में भी बारिश न होने की वजह से इस बार गर्मी बढ़ी है। हालांकि उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हुई बर्फबारी से आई ठंडी हवा एक-दो दिन राहत देगी।
- डॉ.आरके सिंह, मौसम विज्ञानी, पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय