Smart City : दिल्ली की तर्ज पर सैलानियों को आकर्षित करेगा बरेली हाट, जानें क्या होगा खास
दिल्ली की तर्ज पर अब सैलानियों को बरेली स्मार्ट हार्ट आकर्षित करेगा। जिससे सैलानियों को हस्त निर्मित उत्पाद एक ही छत के नीचे मिल सकेंगे। जिले की पहचान में एक और नाम शुमार होगा।
बरेली,जेएनएन। Bareilly Smart Haat : दिल्ली की तर्ज पर अब सैलानियों को बरेली स्मार्ट हार्ट आकर्षित करेगा। जिससे सैलानियों को हस्त निर्मित उत्पाद एक ही छत के नीचे मिल सकेंगे। इसके साथ ही जिले की पहचान में जल्द एक और नाम शुमार होगा। स्मार्ट सिटी योजना के तहत स्मार्ट हाट तैयार किया जा रहा है। इसमें मौजूदा अर्बन हाट के उच्चीकरण के साथ ही उसकी पीछे की भूमि को विकसित किए जाने की योजना है। इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है। यह स्थान जिले के हस्तशिल्प, सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला होगा। इसके साथ ही लोगों को यहां मनोरंजन, खानपान और खरीदारी की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
सिर्फ अर्बन हाट नहीं, होगा बरेली हाट
विकास भवन के पास बने अर्बन हाट में हस्तशिल्प, खानपान और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े मेले लगते रहते हैैं, जहां देश भर से हस्तशिल्पी अपने उत्पाद लेकर पहुंचते हैैं। स्मार्ट सिटी योजना के तहत अर्बन हाट को विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके बाद यह अर्बन हाट नहीं बरेली हाट कहलाएगा। जिस तरह दिल्ली हाट वहां आने वालों को अपनी ओर आकर्षित करता है, उसी तरह इसे विकसित किए जाने की तैयारी है।
अर्बन हाट के पीछे 16 हजार वर्ग भूमि पर होगा विकसित
अर्बन हाट और उसके पीछे के हिस्से को मिलाकर करीब 28600 वर्ग मीटर जगह है। उसमें से अर्बन हाट करीब 12600 वर्ग मीटर में है। बाकी के 16 हजार वर्ग मीटर भूमि को विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही अर्बन हाट वाले हिस्से को भी सुधारा जाएगा। यहां हस्तशिल्पियों के लिए बड़ा बाजार तैयार करने की योजना है। पूरा परिसर आपस में जुड़ा होगा। इसके पीछे ही स्मार्ट सिटी योजना में हैैंडीक्राफ्ट सेंटर भी बनाना प्रस्तावित है। इसके लिए 104 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट बनाया है।
खरीदारी, मनोरंजन व सूचना का होगा केंद्र
बरेली हाट लोगों के लिए खरीदारी, मनोरंजन और सूचना का बड़ा केंद्र भी होगा। इसमें लोग हस्तशिल्प उत्पाद, फर्नीचर समेत अन्य सामान खरीद सकेंगे। वहां बच्चों के लिए झूले, मनोरंजन के लिए कई साधन होंगे। इसके साथ ही विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी। हस्तशिल्प, सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी सूचनाओं के आदान-प्रदान भी यहां से होगा।
यह होंगी सुविधाएं
खरीदारी
हस्तशिल्प उत्पादों की दुकानें
फर्नीचर स्टोर
फूड स्ट्रीट
फूड कोर्ट
सोविनियर शॉप
शॉपिंग कांप्लेक्स
मनोरंजन
लाइट एंड साउंड शो
फेरिज व्हील
लाइव म्यूजिक
कैफेटेरिया
रेस्टोरेंट
कला संस्कृति केंद्र
वीआर थिएटर, गेमिंग जोन
आर्टिफिशियल वाटर बॉडीज
मूवी थिएटर
इनफॉरमेशन
इनफॉरमेशन एंड इंटरप्रीटेशन सेंटर
एक्जीबिशन गैलरीज
अर्बन हाट को बरेली हाट के रूप में विकसित किए जाने की योजना है। इसके लिए करीब 104 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें जनप्रतिनिधियों से सुझाव मांगे गए हैैं। उसके बाद बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। इससे जिले को अलग पहचान मिलेगी।-अभिषेक आनंद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी