Sheikh Mitthu Ward : चोक नालों और बिखरे कूड़े की गिरफ्त में है बरेली का यह वार्ड, जानिए क्या है लोगों के हालात

Sheikh Mitthu Ward शेख मिट्ठू बोलने में जुबां को सुकून देने वाले शब्दों पर शहर के एक वार्ड का नाम है। इसके नाम जैसा वार्ड का हाल बिलकुल नहीं है। यहां आते ही गंदगी और चोक नाले साफ दिखाई दे जाएंगे।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 01:48 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 01:48 PM (IST)
Sheikh Mitthu Ward : चोक नालों और बिखरे कूड़े की गिरफ्त में है बरेली का यह वार्ड, जानिए क्या है लोगों के हालात
Sheikh Mitthu Ward : चोक नालों और बिखरे कूड़े की गिरफ्त में है बरेली का यह वार्ड

बरेली, जेएनएन। Sheikh Mitthu Ward : शेख मिट्ठू, बोलने में जुबां को सुकून देने वाले शब्दों पर शहर के एक वार्ड का नाम है। इसके नाम जैसा वार्ड का हाल बिलकुल नहीं है। यहां आते ही गंदगी और चोक नाले साफ दिखाई दे जाएंगे। आलम यह है कि नालों का पानी सड़कों पर बह रहा है। गलियों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। गलियों के अंदर तो सड़क ठीक है, लेकिन मुख्य सड़क कमर का दर्द देने वाली है। सीवर लाइन भी चोक हैं। रविवार को जागरण आपके द्वार अभियान के तहत शहर के वार्ड 74 घेर शेख मिट्ठू में टीम पहुंची तो हालात सामने आए। वार्ड चोक नालों से सड़क पर होते जलभराव, यहां-वहां बिखरे कूड़े की गिरफ्त में मिला।

गोल चक्कर के पास टेड़ा नाला, सड़क टूटी 

दूल्हा मियां मजार के सामने गोल चक्कर के पास वार्ड को जाने वाली सड़क का निर्माण करीब 25 साल पहले हुआ था। उसके बाद से वहां सिर्फ सड़क खराब होती गई। सड़क का कोलतार तो दिखाई ही नहीं दे रहा है। कई जगह गड्ढे भी हो गए हैं। इसके साथ ही नाला निर्माण में निगम के इंजीनियरों की कलाकारी दिखाई दी। सड़क किनारे से सीध चला नाला वहां मोती लान के आगे से मोड़ दिया गया है।

जसोली पुलिया पर नहीं हो पाती निकासी

वार्ड से निकलने वाले नाले के साथ ही सिटी स्टेशन की ओर से आने वाले नाले का पानी भी जसोली टक्कर की पुलिया पर आता है। सिटी स्टेशन की ओर से आने वाले नाले की निकासी यहां काफी कम है। इसके साथ ही पुलिया के नीचे स्टील के मोटे पाइप होने के कारण पानी रुक जाता है। इस कारण नाले से पानी लौटकर वार्ड में भरता है।

नाले वाली मस्जिद पर जलभराव, कीचड़

टक्कर की पुलिया से मलूकपुर की ओर जाने वाले रास्ते के एक हिस्से में घेर शेख मिट्ठू है और दूसरे क्षेत्र में अन्य वार्ड हैं। इस मार्ग की स्थिति काफी दयनीय है। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण ऊपर तक पानी चल रहा है। सुबह के वक्त पानी पूरी सड़क पर भर जाता है। बारिश होने पर चार फीट तक जलभराव होता है। नाला चोक होने से कीचड़ व गंदगी भी हो रही है।

\\Bवार्ड एक नजर \\B

वार्ड संख्या - 74

वार्ड नाम - घेर शेख मिट्ठू

आबादी - 30 हजार

वोटर - दस हजार

मुहल्ले - छह

सफाई कर्मचारी - 19

सड़क कई साल से खराब है। नाले का निर्माण भी टेढ़ा कर दिया गया है। इससे नाले में कूड़ा अटकता है।- हसीन

सड़क पर रोजाना पानी भरा रहता है। नाले की सफाई नहीं होने से पानी ऊपर निकल जाता है। लोग परेशान हैं। - इंतजार अहमद

मुख्य नाले का पानी गली तक पहुंच जाता है। इससे लोगों का घर से निकलना भी बंद हो जाता है। मलबा डाला है। - मो. शाहिद

नगर निगम के कर्मचारी कभी भी नाले को गहराई तक साफ नहीं करते हैं। इससे हर वक्त नाला ओवरफ्लो रहता है। -सुनील गुप्ता

मुख्य मार्ग काफी खराब है। उस पर लगातार पानी भरा रहता है। जलभराव के कारण कीचड़ भी रहती है। -आबिद अली

मुहल्ले में सड़कों पर कूड़ा बिखरा पड़ा रहता है। ठीक से सफाई नहीं होती है। इस कारण दुर्गंध बनी रहती है। -मो. ताहिर

नालियों में गंदगी बनी रहती है। डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाला भी रोजाना नहीं आता है। लाइटें भी कम लगी हैं। -शारिब अहमद

सड़कों पर सफाई होती ही नहीं है। कूड़ा फैला रहता है। वार्ड में कई जगह नालियां और सीवर लाइन चोक है। -बब्बो

वायरल फीवर चल रहा है, लेकिन रोकथाम के लिए वार्ड में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फागिंग नहीं कराई गई है।शबीना

कुछ सड़कें ठीक नहीं हैं। नालियों को साफ नहीं किया जाता है। इस कारण ओवरफ्लो होकर पानी सड़कों पर भर रहा है।रूबी

वार्ड में 60 फीसद से अधिक सड़कों का निर्माण करा दिया गया है। इसके साथ ही एक पार्क के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। सड़क निर्माण के लिए भी प्रस्ताव लगाया गया है। वार्ड में करीब 75 फीसद पोलों पर लाइटें लगाई गई हैं। पानी का एक पंप भी लगवाया है। पूरे वार्ड में कूड़ा उठान नहीं हो रहा है। नालियों की सफाई सही से नहीं हो पाती है। -सलीम पटवारी, पार्षद

वार्ड में साफ-सफाई और कूड़ा उठाने की व्यवस्था बनाने के लिए टीम को कहा जाएगा। वहां टीम भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फागिंग भी कराएंगे। डा. अशोक कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

chat bot
आपका साथी