Aonla Honour Killing Case : पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला किशोरी के कत्ल का राज, मामा निकला कातिल Bareilly News

आंवला थाना क्षेत्र के गांव संग्रामपुर स्थित अपनी ननिहाल आई किशोरी की हत्या उसके ही मामा ने ही की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की जांच में पूरी घटना खुलकर सामने आ गई।

By Abhishek PandeyEdited By: Publish:Mon, 27 Jan 2020 09:58 AM (IST) Updated:Mon, 27 Jan 2020 05:52 PM (IST)
Aonla Honour Killing Case : पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला किशोरी के कत्ल का राज, मामा निकला कातिल Bareilly News
Aonla Honour Killing Case : पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला किशोरी के कत्ल का राज, मामा निकला कातिल Bareilly News

जेएनएन, बरेली : आंवला थाना क्षेत्र के गांव संग्रामपुर स्थित अपनी ननिहाल आई किशोरी की हत्या उसके ही मामा ने ही की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस जब दोबारा जांच शुरू की तो पूरी घटना खुलकर सामने आ गई। कई ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि मामा का डंडा सिर में लगने से ही किशोरी की हालत बिगड़ी थी। इसके बाद पुलिस ने मामा को गिरफ्तार कर लिया है। जिस युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, वह भी अभी पुलिस हिरासत में ही है।

बदायूं थाना आल्हापुर के गांव सलेमपुर निवासी रामशंकर की पुत्री ममता (14) बीते रविवार को मां विरमामती के साथ थाना आंवला के ग्राम संग्रामपुर ननिहाल आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात संग्रामपुर निवासी देवशरण से हुई थी। ननिहाल में मामा नरेश पाल के पुत्र का कार्यक्रम था। गुरुवार रात उसी की दावत थी। इसी दौरान ममता ने देवशरण को मुलाकात के लिए बुलाया था। दोनों बातें कर रहे थे।

इसी दौरान मामा नरेश ने दोनों को देख लिया और उनसे खेतों पर मारपीट की। इसके बाद देवशरण भाग गया तो ममता को घर ले जाकर डंडों से पीटा। डंडा सिर में लगा तो ममता की हालत बिगड़ गई। इस पर नरेश ने उसे खेतों में फेंक दिया। जिसके बाद पुलिस को बुलाया। नरेश ने युवक पर दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रयास करने का आरोप लगा दिया। शुक्रवार सुबह किशोरी की मौत हो गई थी।

चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई और मौत सिर में चोट लगने से होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की। जिसमें मामा के किशोरी की पिटाई की बात बताई गई। पुलिस ने मामा नरेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने घटना कुबूल कर ली।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुली पोल : दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला होने से अधिकारियों के पसीने छूट गए थे। डीआइजी ने निर्देश दिए कि चिकित्सकों के पैनल और वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराया जाए। पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि न होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। रिपोर्ट आते ही मामा की पोल खुल गई।

युवक की रिहाई में पैथोलॉजी रिपोर्ट का इंतजार : देवशरण अभी भी पुलिस की हिरासत में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तो आ गई है अब पुलिस पैथोलॉजी रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है। इस रिपोर्ट में भी अगर दुष्कर्म का प्रयास और दुष्कर्म की पुष्टि नहीं होती है तो उसे छोड़ दिया जाएगा। देवशरण ने अपने बयान में पुलिस को बताया है कि वह सिर्फ मिलने गया था, उसने और कुछ नहीं किया।

झूठा मुकदमा और झूठी गवाही देने में यह है प्रावधान : रंजिशन या पेशबंदी में झूठा आरोप लगाने व झूठी गवाही देने वालों पर 182 व 211 के तहत मुकदमा दर्ज किया जाता है। इसमें छह माह की सजा का प्रावधान भी है।

दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। युवक से बातचीत करने के दौरान किशोरी के मामा ने उसे देख लिया था। मामा ने किशोरी की मारपीट की, जिसमें उसके सिर पर डंडा लग गया। इसी से उसकी मौत हुई है। मामा को गिरफ्तार कर लिया गया है। जेल भेजा जाएगा। - डॉ. संसार सिंह, एसपी देहात  

chat bot
आपका साथी