Robbery in Bareilly : बरेली में गृहस्वामिनी से बाेले हथियार बंद बदमाश, डरिए नहीं, सिर्फ पानी पिला दीजिए वापस चले जाएंगे, जानिए आगे क्या हुआ

Robbery in Bareilly कैंट के बुखारा गांव में कच्छा बनियान गिरोह के पांच बदमाशों ने शनिवार देररात एक घर में डकैती डाली। तलवार व हथियार से लैस बदमाशों ने युवक व उसकी पत्नी को बंधक बना आधे घंटे तक घर खंगाला।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 08:52 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 08:52 AM (IST)
Robbery in Bareilly : बरेली में गृहस्वामिनी से बाेले हथियार बंद बदमाश, डरिए नहीं, सिर्फ पानी पिला दीजिए वापस चले जाएंगे, जानिए आगे क्या हुआ
Robbery in Bareilly : बरेली में गृहस्वामिनी से बाेले हथियार बंद बदमाश

बरेली, जेएनएन। Robbery in Bareilly : कैंट के बुखारा गांव में कच्छा बनियान गिरोह के पांच बदमाशों ने शनिवार देररात एक घर में डकैती डाली। तलवार व हथियार से लैस बदमाशों ने युवक व उसकी पत्नी को बंधक बना आधे घंटे तक घर खंगाला। घर में मौजूद सोने की ज्वैलरी व नकदी लूट ले गए। पीड़ित ने घर में डकैती पड़ने की कैंट पुलिस को जानकारी दी, तहरीर दी। आरोप है कि कैंट पुलिस ने पीड़ित से डकैती के बजाय चाेरी की दूसरी तहरीर लिखवाई और डकैती के बजाय चोरी में मुकदमा दर्ज कर लिया।

पीड़ित मोहम्मद आरिफ कैंट के बुखारा गांव के रहने वाले हैं। वह राजमिस्त्री का काम करते हैं। बताया कि शनिवार को रात साढ़े 12 बजे के करीब तलवार व तमंचे से लैस कच्छा बनियान पहने पांच बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों के घर में घुसने पर खटपट की आवाज आई। इस पर आंख खुल गई। इस पर बदमाशों ने आरिफ से कहा कि वह गलती से घर में घुस आए हैं। बातचीत सुन आरिफ की पत्नी रुकसार भी जग गईं। हथियारों से लैस बदमाशों को देख वह डर गईं। इस पर बदमाशों ने कहा डरने की जरूरत नहीं है। हम लोगों को सिर्फ पानी पिला दीजिए, चले जाएंगे।

जैसे ही आरिफ मच्छर-दानी से निकले, बदमाशों ने उसे व उसकी पत्नी को बंधक बना लिया और तमंचा तान दिया। इसके बाद घर में रखी अलमारी की चाभी मांगी। डर के चलते आरिफ ने बदमाशों को चाभी दे दी। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी में रखे सोने के झाले, मांगपट्टी, कंगन, लॉकेट, नथ , अंगूठी, कुंडल, पायल व पांच हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने करीब पांच लाख रुपये के नुकसान होने की बात कही है। पत्नी व आरिफ चिखाने-चिलाने की कोशिश करते कि बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। बदमाशों ने आधे घंटे तक घर खंगाला।

घर के बार छोड़कर गए माेबाइल

घटना की जानकारी आरिफ किसी को तत्काल न दें पाए इसके लिए बदमाशों ने आरिफ व उसकी पत्नी का मोबाइल ले लिया। इसके बाद घर के बाहर दोनों मोबाइल रखकर चले गए। जैसे-तैसे दुपट्टे से बंधे आरिफ ने खुद व पत्नी को बंधन से खोला। इसके बाद आस-पास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इससे आस-पास के लोग दहशत में आ गए।

शोर मचाने पर बच्चों को मारने की दी धमकी

घटना के समय घर पर ही आरिफ के तीन बच्चे बेटी रिफा, बेटा अरशद व दो माह का बेटा घर में सो रहा था। आरिफ कुछ आनाकानी करता, इससे पहले ही बदमाशों ने आरिफ को धमकी देते हुए कहा कि यदि थोड़ी से भी चालाकी दिखाने की कोशिश की तो तुम्हारें बच्चों को मार डालूंगा। इस पर आरिफ ने बदमाशों से हाथ जोड़ते हुए बच्चों को नुकसान न पहुंचाने की बात कही।

पुलिस का तर्क - चाेरी की मिली तहरीर, चोरी में दर्ज किया मुकदमा

हथियार बंद बदमाशों द्वारा डकैती की वारदात को अंजाम देने की घटना चोरी में दर्ज करने पर जमकर बवाल कटा। इस पर इंस्पेक्टर कैंट ने राजीव कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें पीड़ित आरिफ द्वारा घर में चोरी होने की ही तहरीर दी गई, जिसके चलते चोरी में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर बदलवाने के आरोप निराधार हैं। यदि डकैती पड़ी है तो विवेचना में डकैती की धाराओं को बढ़ाया जाएगा।

 मामले में तहरीर के आधार पर कैंट पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है। तहरीर बदलवाने जैसे आरोपों की बात सामने आई है, इसकी जांच कराई जा रही है। किसी भी हाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।- रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

हमारे घर में चोरी नहीं डकैती पड़ी है। हमनें घर में डकैती पड़ने के संदर्भ में ही कैंट पुलिस को तहरीर दी थी। चोरी में मुकदमा दर्ज हुआ है, भला यह कैसे हो सकता है। - मोहम्मद आरिफ, पीड़ित

chat bot
आपका साथी