बरेली के सुभाष नगर में ओवरब्रिज-अंडरपास दूर की कौड़ी, पहले सड़क कराओ चौड़ी

पूरी तरह स्मार्ट सिटी बनने से पहले ही शहर ओवरब्रिज के लिए चल रही सियासत में फंस गया है। कुतुबखाना ओवरब्रिज को लेकर चल रही ऊहापोह अब तक खत्म नहीं हुई है कि सुभाष नगर में ओवरब्रिज बनाने की बात भी शुरू हो गई।

By Sant ShuklaEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 08:00 AM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 05:06 PM (IST)
बरेली के सुभाष नगर में ओवरब्रिज-अंडरपास दूर की कौड़ी, पहले सड़क कराओ चौड़ी
महापौर से पुलिया का चौड़ीकरण और गड्ढामुक्त करने की मांग शुरू कर दी है।

बरेली, जेएनएन।  पूरी तरह स्मार्ट सिटी बनने से पहले ही शहर ओवरब्रिज के लिए चल रही सियासत में फंस गया है। कुतुबखाना ओवरब्रिज को लेकर चल रही ऊहापोह अब तक खत्म नहीं हुई है कि सुभाष नगर में ओवरब्रिज बनाने की बात भी शुरू हो गई। अब यहां अंडरपास बनेगा या ओवरब्रिज यह दूर की कौड़ी है। यहां के बाशिंदों ने होर्डिंग लगाकर नगर आयुक्त और महापौर से पुलिया का चौड़ीकरण और गड्ढामुक्त करने की मांग शुरू कर दी है।
सुभाष नगर जाने के लिए मुख्य रास्ता पुलिया से होकर ही गुजरता है। पुलिया के नीचे का रास्ता बीते कई दिनों से ऊबडख़ाबड़ और टूटा-फूटा है। चौपुला ओवरब्रिज बनने के चलते इन दिनों यहां यातायात का  भी दबाव भी अधिक है। दिन में कई बार जाम की स्थिति भी बनती है। इसके चलते ही यहां यातायात के सिपाहियों तक की नियमित ड्यूटी लगाई जाने लगी है। इन दिनों स्मार्ट सिटी के तहत सुभाष नगर जाने के लिए ओवरब्रिज या अंडर पास बनाए जाने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। इस पर मुहल्ले के लोगों ने कहा कि यह चर्चा पहले भी कई बार हो चुकी है। होता कुछ नहीं है।
वहीं पुलिया के पास ही मुहल्ले के रहने वाले डालचंद्र और सुनील सक्सेना ने होर्डिंग लगाए हैं। जिसमें लिखा है कि सुभाष नगर पुलिया चौड़ीकरण जरूरी है, फ्लाईओवर का सपना बाद में। उन्होंने नगर आयुक्त और महापौर से अपील की है कि पुलिया को गड्ढा मुक्त कराकर आवागमन को सुगम करने में सहयोग करें। इसमें उन्होंने मुहल्ले के सभी लोगों को अपीलकर्ता बताया है। होर्डिंग लगने के बाद लोगों में पुलिया के नीचे के रास्ते को सही कराने की चर्चा और तेज हो गई। लोगों का कहना है कि पुलिया का रास्ता ठीक होना जरूरी है।

chat bot
आपका साथी