बरेली में खाली हाथ लौटी पुलिस, रामलीला मेले में नोट लुटाता रहा तस्कर
Opium Smuggler Bhagwan Das Arrested in Baeilly अफीम तस्कर और प्रधान के पति भगवान दास की तलाश में शुक्रवार को आई फर्रुखाबाद पुलिस खाली हाथ लौट गई। इससे बेखौफ आरोपित रात को मेले में नोट लुटाता रहा।
बरेली, जेएनएन। Opium Smuggler Bhagwan Das Arrested in Baeilly : अफीम तस्कर और प्रधान के पति भगवान दास की तलाश में शुक्रवार को आई फर्रुखाबाद पुलिस खाली हाथ लौट गई। इससे बेखौफ आरोपित रात को मेले में नोट लुटाता रहा। शनिवार सुबह को पुलिस की किरकिरी हुई तब आनन-फानन उसे गिरफ्तार कर फर्रुखाबाद पुलिस के सुपुर्द किया गया।
23 मार्च को फर्रुखाबाद थाने की पुलिस ने ट्रक चालक दिनेश कुमार राजपूत को पकड़ा था। तलाशी में उसके पास से एक किलो व ट्रक में 12 किलो अफीम बरामद हुई थी। फर्रुखाबाद के दारोगा अवधेश अवस्थी ने बताया कि शाही के रम्पुरा गांव निवासी दिनेश ने स्वीकारा कि बिशारतगंज के गांव तस्कर निवासी भगवान और उसके रिश्तेदार उत्तराखंड के लालकुआं के मुहल्ला घोड़ानाली संजयनगर निवासी डालचंद्र उर्फ मनोज ने अफीम भेजी थी।
भगवानदास का गिरोह झारखंड से अफीम मंगवाकर पंजाब, हिमाचल व दिल्ली भेजता है। चालक को जेल भेजने के बाद पुलिस अन्य दोनों आरोपितों की तलाश कर रही थी। दोनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया जा चुका। दबिश दी मगर, खाली हाथ लौटी पुलिस शुक्रवार को फर्रुखाबाद की पुलिस भगवानदास की तलाश में आई थी। उसके घर व अन्य जगह दबिश के बाद टीम लौट गई।
ग्रामीणों ने बताया कि उसी रात को भगवानदास रामलीला मेले में था। महिला कलाकारों पर वह नोट लुटा रहा था। उस समय मेले में बिशारतगंज थाने के पुलिसकर्मी भी थे, इसके बावजूद वह बेखौफ होकर घूमता रहा। वह नाच-गाना देखने का बड़ा शौकीन है। मेलों में हजारों रुपये लुटा देता है। काले रंग की स्कार्पियो से वह सफर करता था।
दैनिक जागरण ने खोली पोल तब दौड़ी पुलिस
शनिवार काे दैनिक जागरण ने भगवानदास के गिरोह के बारे में समाचार प्रसारित किया था। जिसके बाद अधिकारियों ने बिशारतगंज थाने की पुलिस को निर्देशित किया। दूसरी ओर कार्रवाई से बेखौफ भगवानदास घर में ही था, उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में फर्रुखाबाद पुलिस पहुंची और उसे अपने साथ ले गई।