अब दूसरे राज्यों में नहीं जाएंगी उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसें, कोरोना संक्रमण को देखते हुए राज्य परिवहन निगम ने लिया फैसला

कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश सरकार ने प्रदेश की बसों के गैर राज्यों में जाने पर पाबंदी लगा दी है। जिले के डिपो की बसें राजस्थान उत्तराखंड दिल्ली व हरियाणा जाती थीं। अब यहां की बसें नहीं जाएंगी और न ही वहां की बसें यहां आएंगी।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Tue, 04 May 2021 12:48 PM (IST) Updated:Tue, 04 May 2021 12:48 PM (IST)
अब दूसरे राज्यों में नहीं जाएंगी उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसें, कोरोना संक्रमण को देखते हुए राज्य परिवहन निगम ने लिया फैसला
कोरोना संक्रमण का प्रकोप बढ़ने के बाद परिवहन निगम का फैसला।

बरेली, जेएनएन। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश सरकार ने प्रदेश की बसों के गैर राज्यों में जाने पर पाबंदी लगा दी है। जिले के अलग-अलग डिपो की बसें राजस्थान, उत्तराखंड के साथ दिल्ली व हरियाणा जाती थीं। अब यहां की बसें नहीं जाएंगी और न ही वहां की बसें यहां आएंगी। दिल्ली जाने पर पहले ही रोक लगाई जा चुकी है।

बरेली रीजन के सभी बस अड्डों से जाने वाली जयपुर, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा व दिल्ली जाने वाली बसें तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई हैं। ये सभी बसें अब केवल प्रदेश के बार्डर तक ही जाएंगी। रोडवेज बसों के अंतरराज्यीय परिवहन पर यह पाबंदी प्रदेश सरकार के निर्देशों पर लगाई गई है। दूसरे राज्यों तक बसें न भेजने का असर बरेली में सबसे अधिक रहने की उम्मीद है। भौगोलिक रूप से बरेली उत्तराखंड और दिल्ली दोनों राज्यों के नजदीक है।

बड़ी संख्या में आम लोग भी इन दोनों जगहों के लिये यात्रा करते हैं। यहां से प्रतिदिन सैकड़ों बसें इन दोनों रूट पर रवाना होती थी। रोडवेज संचालन बंद होने के बाद अब उत्तराखंड और दिल्ली जाने वाले लोगों के लिए प्राइवेट वाहनों पर निर्भर होना पड़ेगा। हालांकि दिल्ली रूट की बसें यूपी बॉर्डर तक पहले की तरह चलती रहेंगी। इसके साथ ही जयपुर चंडीगढ़ समेत अन्य रूट की बसें भी सोमवार से बंद कर दी गईं। रोडवेज की ओर से अंतरराज्यीय परिवहन वाली सभी बसों को अब स्थानीय मार्गों पर संचालित किया जाएगा।

राजस्व पर पड़ेगा असर

रीजन की सबसे अधिक बसें उत्तराखंड व राजस्थान व दिल्ली सवारी लेकर आती व जाती हैं। अब केवल बार्डर तक ही संचालन होने से राजस्व पर साफ असर दिखेगा।क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि अंतरराज्यीय परिवहन सेवा को बंद किए जाने के मुख्यालय से निर्देश मिले हैं। उत्तराखंड, जयपुर, राजस्थान और हरियाणा, चंडीगढ़ चलने वाली बसों को अब लोकल रूट पर समायोजित किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी