बरेली में चौपुला रोड पर ब्रांच पुल का बदलेगा डिजाइन, नोएडा की टीम ने किया सर्वे

चौपुला चौराहा पर बदायूं रोड की ओर प्रस्तावित ब्रांच पुल का डिजाइन बदला जाएगा। पुराना ओवरब्रिज और सीवर लाइन के कारण वहां पुल निर्माण में समस्या होगी। सोमवार को नोएडा से आई टीम ने पुल के नए डिजाइन के लिए मौके पर सर्वे किया।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 12:51 PM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 12:51 PM (IST)
बरेली में चौपुला रोड पर ब्रांच पुल का बदलेगा डिजाइन, नोएडा की टीम ने किया सर्वे
बरेली में चौपुला रोड पर ब्रांच पुल का बदलेगा डिजाइन, नोएडा की टीम ने किया सर्वे

बरेली, जेएनएन। चौपुला चौराहा पर बदायूं रोड की ओर प्रस्तावित ब्रांच पुल का डिजाइन बदला जाएगा। पुराना ओवरब्रिज और सीवर लाइन के कारण वहां पुल निर्माण में समस्या होगी। सोमवार को नोएडा से आई टीम ने पुल के नए डिजाइन के लिए मौके पर सर्वे किया। पुल का नया डिजाइन बनने के बाद वहां लगाए जाने वाले स्टील के स्पैन का डिजाइन तैयार होगा।

सेतु निगम चौपुला चौराहा पर थ्री लेन ओवरब्रिज का तेजी से निर्माण करा रहा है। इसके साथ ही पटेल चौक की ओर टू लेन ब्रांच पुल का भी निर्माण चल रहा है। निगम को बदायूं रोड की ओर पुराने पुल के बराबर में एक अन्य ब्रांच पुल बनाना है। यह पुल पुलिस लाइंस के पास से शुरू होगा। इस ब्रांच पुल का डिजाइन तैयार हो चुका था। सेतु निगम ने ब्रांच पुल निर्माण शुरू करने के लिए बदायूं रोड की ओर से अतिक्रमण हटवाया तो वहां निर्धारित स्थान पर जगह काफी कम मिली। जहां मशीनें लगाकर काम करना मुश्किल होगा।

इसके साथ ही मालगोदाम रोड पर सीवर लाइन पड़ने से वह पिलर के नीचे आ गई है। इस कारण अब दोबारा ब्रांच पुल का डिजाइन बदला जा रहा है। सोमवार को नोएडा से कंसल्टेंट फर्म ने मौके पर पहुंचकर सर्वे किया। पुल निर्माण को चार पिलर बनने हैं। दो पिलर मुख्य रोड की ओर पुलिस लाइंस से पहले और दो पिलर पुलिस लाइंस की दीवार के पीछे बनने हैं। पुलिस विभाग की अनुमति नहीं मिलने के कारण वहां 42 मीटर लंबा स्टील का स्लैब (छत) डाला जाना है। बाकी छतें 12 व 19 मीटर की होगी। पुल का नया डिजाइन बनने के बाद स्लैब का भी नया डिजाइन बनाया जाएगा।

बदायूं रोड के ब्रांच पुल निर्माण के लिए पिलर बनाने में दिक्कत होने के चलते वहां नया डिजाइन बनाया जा रहा है। इसके बाद स्पैन का भी डिजाइन तैयार होगा। डिजाइन बनाने के लिए कंसल्टेंट फर्म को सर्वे करा दिया है।- देवेंद्र सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम

chat bot
आपका साथी