बरेली में नगर आयुक्त ने ठेकेदार पर की कार्रवाई, कंपनी को डिबार कर बोले- नहीं मानें तो कर देंगे ब्लैक लिस्ट
सड़क और नाली का निर्माण कई माह बाद भी नही करने पर ठेकेदार के खिलाफ नगर आयुक्त ने सख्त कार्रवाई की है। ठेकेदार को एक महीने के लिए डिबार कर दिया गया है साथ ही ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी भी दी है।
बरेली, जेएनएन। सड़क और नाली का निर्माण कई माह बाद भी नही करने पर ठेकेदार के खिलाफ नगर आयुक्त ने सख्त कार्रवाई की है। ठेकेदार को एक महीने के लिए डिबार कर दिया गया है, साथ ही ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी भी दी है
सुभाष नगर क्षेत्र में आज भी कई गलियां कच्ची है। वहां के पार्षद के प्रस्ताव पर नगर निगम ने कुछ दिन पहले एक सड़क और उसके साथ नाली निर्माण को मंजूरी दी थी। एस्टीमेट बनाकर उसका टेंडर पास कर दिया गया। कार्यदायी संस्था के रूप में गोयल कंस्ट्रक्शन फर्म को चुना गया। अनुबंध के बावजूद ठेकेदार ने सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया। इस पर नगर निगम ने कार्यदायी संस्था को दो बार नोटिस भी दिए। बावजूद इसके ठेकेदार ने सड़क निर्माण शुरू नहीं करवाया।
वहीं दूसरी ओर सड़क निर्माण नहीं होने से क्षेत्र की जनता लगातार परेशान होती रही। उन्होंने नगर निगम आकर नगर आयुक्त से शिकायत भी की। इस पर नगर आयुक्त ने गोयल कंस्ट्रक्शन कंपनी को एक महीने के लिए डिबार कर दिया है। इसके साथ ही कार्य में ढिलाई बरतने पर उनकी फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी भी दी है। साथ ही शहर में उनके द्वारा कराए जा रहे कार्य की जानकारी भी मांगी है। बताते हैं कि यह ठेकेदार पूर्व के एक अधिकारी के काफी नजदीकी रहे हैं। इस कारण उन्होंने कई काम शहर में कराए हैं।
सड़क निर्माण नहीं करने पर ठेकेदार को एक महीने के लिए डिबार किया गया है। अगर लापरवाही जारी रही तो उनके खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त