बोलेरो सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में ओवरटेक कर सरिया फैक्ट्री के मुनीम से लूटे 50 लाख Bareilly News

किच्छा की सरिया फैक्ट्री के मुनीम और चालक से बोलेरो सवार बदमाशों ने 50 लाख की नकदी लूट ली। बदमाशों ने दोनों को हाथ-पैर बांधकर झाड़ियों में फेंका और फरार हो गए।

By Abhishek PandeyEdited By: Publish:Sat, 14 Dec 2019 09:19 AM (IST) Updated:Sat, 14 Dec 2019 01:56 PM (IST)
बोलेरो सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में ओवरटेक कर सरिया फैक्ट्री के मुनीम से लूटे 50 लाख Bareilly News
बोलेरो सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में ओवरटेक कर सरिया फैक्ट्री के मुनीम से लूटे 50 लाख Bareilly News

जेएनएन, बरेली : किच्छा की सरिया फैक्ट्री के मुनीम और चालक से बोलेरो सवार बदमाशों ने 50 लाख की नकदी लूट ली। बदमाशों ने दोनों को हाथ-पैर बांधकर झाड़ियों में फेंका और फरार हो गए। काफी देर बाद दोनों खुद अपने बंधन खोलकर पेट्रोल पंप पहुंचे और पुलिस को फोन किया।

उत्तराखंड के किच्छा में तुषार मित्तल बीटीसी सरिया फैक्ट्री चलाते हैं। उनके मुनीम अनिक अग्रवाल शुक्रवार सुबह को तकादा करने के लिए बोलेरो गाड़ी से निकले थे। कई जगह तकादा करने के बाद दोपहर को शाहजहांपुर पहुंचे। वहां से रुपये इकट्ठा कर शाम को किच्छा के लिए वापस चल दिए। मुनीम का कहना है कि रात करीब साढ़े दस बजे वे भोजीपुरा के अटामांडा के पास पहुंचे थे, तभी दूसरी बोलेरो ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया।

अचानक उसमें से छह सशस्त्र बदमाश उतरे और उन्हें व चालक मगन को तमंचे दिखाकर धमकाया, इसके बाद वाहन से नीचे उतारकर झाड़ियों में ले गए। वहीं उनके हाथ-पैर बांधकर बैठा दिया। इसके बाद उनकी बोलेरो में रखा रुपयों भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बिजनौर के अफजलगढ़ निवासी मुनीम अनिक व चालक मगन आधा घंटा तक झाड़ियों में बंधक पड़े रहे। पास ही उनकी बोलेरो खड़ी हुई थी।

करीब 11 बजे उन्होंने किसी तरह हाथ-पैर खोले और पड़ोस के पेट्रोल पंप पर जाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस व फैक्ट्री मालिक को फोन किया। मुनीम ने बताया कि दिन भर तकादे के करीब 50 लाख रुपये वसूलकर लौट रहे थे।

बहेड़ी की ओर भागे बदमाश : मुनीम ने पुलिस को बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बहेड़ी की ओर भागे थे। जिसके बाद एसपी देहात डॉ. संसार सिंह अपनी टीम लेकर उस तरफ निकल गए। एसपी क्राइम रमेश भारतीय भी क्राइम ब्रांच के साथ उसी क्षेत्र में सुराग तलाशने निकल पड़े। शहर में भी जगह-जगह नाकाबंदी कर दी गई है। 

बदमाशों को थी पूरी जानकारी : सरिया फैक्ट्री के मुनीम अनिक गुप्ता से 50 लाख की लूट की घटना रेकी के बाद अंजाम दी गई। मुनीम की मानें तो उनके पास शुक्रवार को बीते दिनों की अपेक्षा सबसे ज्यादा कैश था। जिसके बाद माना जाने लगा कि 50 लाख कैश होने की जानकारी किसी अन्य को भी थी। सूचना लीक हुई, जिसके बाद रेकी कर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस घटना को संदिग्ध भी मान रही। क्योंकि मुनीम ने दो घंटे की पूछताछ में कई बार बयान बदले। 

सुनसान रास्ते में हुई वारदात : मुनीम अनिक ने पुलिस को बताया कि भोजीपुरा के पास जहां लूट हुई, वह रास्ता सुनसान रहता है। अचानक बोलेरो सवार आए और ओवरटेक कर हमारी गाड़ी रुकवा ली। यानी लुटेरे उनके वाहन के पीछे काफी देर से लगे होंगे। उस जगह ओवरटेक किया गया, जहां आसपास कोई गांव नहीं। वाहनों की आवाजाही भी कम थी। मुनीम की गाड़ी की पहचान होना, उसमें 50 लाख रुपये रखे होना, सुनसान इलाके वाला रास्ता आना, यह सब रेकी के बाद ही किया जाना संभव है। ऐसे में माना जा रहा है कि मुनीम से जुड़े किसी न किसी व्यक्ति के पास इस वारदात से जुड़ी कई सूचनाएं थीं। मुनीम का कहना है कि बदमाश चंद मिनट रुके।

नहीं पड़ी राहगीरों की निगाह : मुनीम व वाहन चालक खुद ही पड़ोस के पेट्रोल पंप गए और घटना की जानकारी दी। पुलिस को यह बात गले नहीं उतर रही। वे आधा घंटे तक सड़क किनारे पड़े रहे मगर किसी की निगाह नहीं गई, फिर खुद ही बंधन खोलकर मदद मांगने पहुंच गए। पुलिस यह मानकर घटना को संदिग्ध बता रही कि वारदात के बाद मौके का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है। न तो किसी राहगीर ने उनके बंधन खोले और न पुलिस को किसी ने बताया। पुलिस को यह बात भी हजम नहीं हो रही कि 50 लाख की लूट के लिए बदमाशों ने कोई बल प्रयोग नहीं किया। सिर्फ दोनों को बंधक बनाया।

रात भर रास्ते में तलाशे सुराग : घटना की हकीकत जानने के लिए डीआइजी राजेश पांडेय भी मौके पर पहुंचे। पूरे रास्ते में सुराग तलाशे गए। भोजीपुरा टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग निकाली गई। जिसमें पहले मुनीम की बोलेरो, पांच मिनट बाद दूसरी बोलेरो जाती दिखी। माना जा रहा है कि टोल प्लाजा के पास ही बदमाश उनकी गाड़ी का आने का इंतजार कर रहे थे।

chat bot
आपका साथी