मेडिकल संचालक हत्याकांड : आरोपित बोला- समझा रहा था महंंगा पड़ जाएगा, नहीं माना तो मार दी गोली

पवन बोला कि हां-मैनें विनोद की हत्या की थी। राह में रोड़ा बन रहा था। बुधवार को फिर समझा रहा था। बावजूद नहीं मान रहा था तो मार दिया। बता दें कि आरोपितों व विनोद के बीच बीते प्रधानी चुनाव से भी रंजिश चली आ रही है।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 02:34 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 02:34 PM (IST)
मेडिकल संचालक हत्याकांड : आरोपित बोला- समझा रहा था महंंगा पड़ जाएगा, नहीं माना तो मार दी गोली
मेडिकल संचालक हत्याकांड : आरोपित बोला- समझा रहा था महंंगा पड़ जाएगा, नहीं माना तो मार दी गोली

बरेली, जेएनएन। बरेली के भुता के गांव खरदाह के गजनेरा के रहने वाले मेडिकल संचालक विनोद कुमार गंगवार को गोली मारकर मौत के घाट उतारा गया था। तीन दिन पहले गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। जिसमें एक पक्ष की पैरवी विनोद कर रहा था तो दूसरे पक्ष की पवन। इस बात से पवन विनोद से चिढ़ा बैठा था। आरोप है कि विनोद द्वारा पैरवी किए जाने पर पवन ने उसे धमकाया लेकिन, विनोद दबा नहीं। बात बढ़ती गई। बुधवार को भुता-बीसलपुर रोड पर खरदाह जाने वाले संपर्क मार्ग पर पवन ने विनोद को अकेला देख रोक लिया। फिर उसी बात पर अड़ गया कि हमारे मना करने के बाद भी पैरवी कर रहे हो, महंगा पड़ जाएगा।

विनोद फिर भी नहीं दबा तो पवन ने गोली मार दी। गोली विनोद के सीने-पेट के बीच जा धंसी और मौत हो गई। 315 बोर की गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है। मामले में विनोद के स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने मौजूदा प्रधान पूरनलाल, प्रधान के सगे भाई अजरुन व चचेरे भाई पवन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पवन को पुलिस ने तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ करने पर आरोपित पवन बोला कि हां-मैनें विनोद की हत्या की थी। राह में रोड़ा बन रहा था। बुधवार को फिर समझा रहा था। बावजूद नहीं मान रहा था तो मार दिया। बता दें कि आरोपितों व विनोद के बीच बीते प्रधानी चुनाव से भी रंजिश चली आ रही है।

विनोद के स्वजनों ने बताया जान का खतरा: घटना के बाद मृतक के स्वजन बुरी तरह डरे हुए हैं। मृतक के बड़े भाई पुष्पेंद्र का कहना है कि आरोपित आपराधिक किस्म के हैं। पुलिस ने अभी पवन को ही गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपित बाहर घूम रहे हैं। ऐसे में स्वजन को जान का खतरा सता रहा है। आरोप लगाया कि बाहर घूम रहे आरोपित गांव वालों को पीड़ित के पक्ष में बयान न देने के लिए धमका रहे हैं। ऐसे में सभी आरोपितों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द की जाए। मृतक की पत्नी किरण गंगवार शिक्षामित्र हैं। उनके दो बच्चे एक बेटा व एक बेटी है।

पेशेवर अपराधी है पवन: थाना प्रभारी भुता वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़ा आरोपित पवन पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

 मेडिकल संचालक की गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है। मुख्य आरोपित पवन को गिरफ्तार कर लिया गया है, उसने हत्या की बात स्वीकारी है। आगे की जांच की जा रही है।- वीरेंद्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी, भुता

chat bot
आपका साथी