लोहड़ी 2021 : भांगड़े और गिद्दा के साथ होगा जश्न, रसोई में बनेगा मक्के की रोटी के साथ सरसों का साग

दे माई लोहड़ी... जीवे तेरी जोड़ी... सुंदर मंदरिए होय तेरा कौन विचारा... दुल्ला भट्टी वाला जैसे गीतों पर भांगड़ा और गिद्दा करते सिख समाज के लोग आज लोहड़ी का त्योहार मनाएंगे। बीजी रसोई में सरसों के साग संग मक्के की रोटी बनाएंगी।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Wed, 13 Jan 2021 02:38 PM (IST) Updated:Wed, 13 Jan 2021 05:47 PM (IST)
लोहड़ी 2021 : भांगड़े और गिद्दा के साथ होगा जश्न, रसोई में बनेगा मक्के की रोटी के साथ सरसों का साग
लोहड़ी 2021 : भांगड़े और गिद्दा के साथ होगा जश्न

बरेली, जेएनएन। लोहड़ी का पर्व मकर संक्रांति से एक दिन पहले मनाया जाता है। लोहड़ी पंजाबियों का एक प्रमुख त्योहार है। इस पर्व पर मूंगफली, गुड़, तिल और गजक का विशेष महत्व होता है। दे माई लोहड़ी..., जीवे तेरी जोड़ी..., सुंदर मंदरिए होय तेरा कौन विचारा..., दुल्ला भट्टी वाला जैसे गीतों पर भांगड़ा और गिद्दा करते सिख समाज के लोग बुधवार को लोहड़ी का त्योहार मनाएंगे। मुंडे पंजाबी रीमिक्स और ढ़ोल नगाड़े की थाप पर भांगड़ा पाएंगे। बीजी रसोई में सरसों के साग संग मक्के की रोटी बनाएंगी। पाजी धीमी आंच में मूंगफली के दाने सेंककर गुड़ और तिल के साथ बच्चों के बीच प्रसाद बांटेंगे।

खास अंदाज में मनाएंगे लोहड़ी

मॉडल टाउन निवासी सन्नी राजपाल ने इस बार लोहड़ी बेहद खास अंदाज में मनाने की तैयारी की है। शादी के बाद यह पहली लोहड़ी है। पत्नी मानसी गुलाटी राजपाल के साथ पहली लोहड़ी को लेकर वह बेहद उत्साहित है। खुशियां बाटंने से पर्व का महत्व और बढ़ जाता है। सुबह गुरुद्वारे में माथा टेकने जाएंगे, शाम को लोहड़ी तापकर आने वाली नई खुशियों का स्वागत करेंगे।

ढ़ोल नगाड़े की थाप पर करेंगे भांगड़ा

जनकपुरी निवासी प्रियांशु अरोरा और करिश्मा अरोरा की शादी के बाद यह पहली लोहड़ी है। शादी के बाद पहली लोहड़ी यादगार रहे इसके लिए पहले से ही पूरी तैयारी कर ली है। भांगड़ा करने के लिए ढ़ोल- नगाड़े पहले से ही बुक कर लिए हैं। पूरा परिवार लोहड़ी की खुशियों में मग्न है। सभी लोग गुरुद्वारे में जाकर माथा टेकेंगे। रेवड़ी, गुड़, तिल, मूंगलली, चना और लावा छुड़ाएंगे।

कुछ अलग हटकर मनाएंगे लोहड़ी

मॉडल टाउन निवासी मनज्योत सिहं आनंद की पत्नी हरसलीन कौर के साथ पहली लोहड़ी है। इस लोहड़ी को यागदार बनाने के लिए तैयारी पहले से ही कर ली थी। खरीदारी पूरी होने के साथ सबसे पहले गुरुद्वारा में माथा टेकने के बाद अन्य काम करेंगे। इसके बाद जरुरतमंदों को गजक आदि बांटेंगे। शाम को पत्नी के साथ ढोल की थाप पर डांस व गिद्दा करेंगे।

नई शादी व बच्चों की किलकारी वाले घर में होता है विशेष आयोजन

जानकार संजीव चांदना ने बताया कि जिन घरों में नई-नई शादियां हुई हैं या जिनके घरों में बच्चों की किलकारियां गूंजी है, उनके घरों में यह त्योहार विशेष रूप से मनाया जाता है। उनमें अपने रिश्तेदारों में लोहड़ी का त्योहार बांटने की परंपरा है।

बेटियों के नाम पर जमकर झूमें

पंजाबी महिला महासभा द्वारा राजेंद्र नगर स्थित एक होटल में लोहड़ी की शाम बेटियों के नाम कार्यक्रम धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चौपाई साहब के पाठ से किया गया। यहां महिलाओं ने मिलकर गिद्दा और भांगड़ा नृत्य किया और पंजाबी गाने गाए। कार्यक्रम स्थल को मूंगफली, रेवडी और पॉपकॉर्न, गेहूं की बालियों से पंतगों से सजावट की गई। संस्था की महिला अध्यक्ष मनीषा आहूजा ने बताया कि जिन परिवारों में बेटियां पैदा होती है उनकी महासभा कई वर्षों से उनकी लोहड़ी मनाती आ रही है।

इस दौरान कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार ने पंजाबी महिला महासभा के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिसका सही जवाब देने पर गिफ्ट भी दिए गए। डीपीओ ने नूर कौर, मेहरप्रीत कौर, जसमीत कौर, मेहर अरोरा और उनके परिवार को सम्मानित किया। यहां सिमी आनंद, बलविंदर कौर, सोनिया आनंद, सुमन अरोरा, संगीता आनंद, अलिंदा, श्रुति, अंजू, कृष्णा समेत अन्य मौजूद रहे।

खूब बिका रेवड़ी, गजक, मूंगफली के साथ मक्का 

लोहड़ी और मकर संक्राति के लिए रेवड़ी, गजक और मूंगफली की दुकानें सजी हुई हैं। लोहड़ी के लिए मंगलवार को लोग कुतुबखाना पोस्ट आफिस गली में खरीदारी करते दिखे। जबकि डीडीपुरम व राजेंद्रनगर के साथ ही शील चौराहा पर लोग ठेलों पर दुकान लगाए दिखे। लोगों ने यहां भी खरीदारी की। दुकानदारों ने लोहड़ी के लिए मक्का (पॉपकॉर्न) भी पैकेट में तैयार कर रखे थे।

इन दामों में हुई बिक्री

गजक : 160 से 440 रुपये प्रति किलो

काजू गजक : 440 रुपये प्रति किलो

चाकलेट रोल : 400 रुपये प्रति किलो

देशी घी की बर्फी : 400 रुपये प्रति किलो

सादी मट्ठी : 160 रुपये प्रति किलो

रेवड़ी : 160 रुपये प्रति किलो

तिलबुग्गा : 240 रुपये प्रति किलो

खोए की रेवड़ी : 240 रुपये प्रति किलो

समोसा काजू : 440 रुपये प्रति किलो

chat bot
आपका साथी