पीलीभीत के रसूला गांव के आसपास घूम रहा तेंदुआ, गेहूं कटाई के लिए खेत जाने में डर रहे किसान, वन विभाग ने किसानों को खेत में आग नहीं जलाने के लिए कहा
पीलीभीत जिले की अमरिया तहसील में लगातार तेंदुए की चहलकदमी जारी है। दो दिन से रसूला गांव के पास कब्रिस्तान के निकट तेंदुए का मूवमेंट बना हुआ है। जिससे ग्रामीण में दहशत का माहौल बना हुआ है। इससे पहले सूरजपुर गांव के इर्द गिर्द तेंदुए को चहलकदमी करते देखा गया।
बरेली, जेएनएन। पीलीभीत जिले की अमरिया तहसील में लगातार तेंदुए की चहलकदमी जारी है। दो दिन से रसूला गांव के पास कब्रिस्तान के निकट तेंदुए का मूवमेंट बना हुआ है। जिससे ग्रामीण में दहशत का माहौल बना हुआ है। इससे पहले सूरजपुर गांव के इर्द गिर्द तेंदुए को चहलकदमी करते देखा गया था। काफी समय तक तेंदुए पैरी फार्म के पास से लेकर श्मशान घाट तक घूमता रहा था। शिकार की तलाश में कई मर्तबा फार्म हाउस की चहारदीवारी फांद कर अंदर तक घुस चुका है।
ग्रामीणों की सतर्कता के चलते तेंदुआ शिकार करने में कामयाब नहीं हुआ। शोर-शराबा करने पर जंगल में चला गया था। स्थानीय लोगों की मांग पर सूरजपुर गांव में वन विभाग द्वारा दो पिंजरे लगाए गए। हालांकि तेंदुआ पिंजरों के पास नहीं पहुंचा। अचानक तेंदुए ने मूवमेंट बदलकर रसूला गांव की तरफ कर लिया। दो दिन से एक ही स्थान पर तेंदुए का मूवमेंट मिल रहा है। वन विभाग द्वारा निगरानी टीम तेंदुए की लोकेशन में लगी है। वन दारोगा सोनी सिंह, शैलेंद्र कुमार, चेतन कुमार ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर तेंदुए को लेकर सतर्क किया। खेतों में आग न जलाने के लिए जागरूक किया गया।