पीलीभीत की हरदोई ब्रांच नहर में उतराता मिला तेंदुआ का शव

माधोटांडा थाना क्षेत्र में स्थित हरदोई ब्रांच नहर में बुधवार को तेंदुआ का शव उतराता मिला है।

By Abhishek PandeyEdited By: Publish:Wed, 20 Mar 2019 02:14 PM (IST) Updated:Wed, 20 Mar 2019 10:37 PM (IST)
पीलीभीत की हरदोई ब्रांच नहर में उतराता मिला तेंदुआ का शव
पीलीभीत की हरदोई ब्रांच नहर में उतराता मिला तेंदुआ का शव

जेएनएन, पीलीभीत :  हरदोई ब्रांच नहर में तेंदुआ का शव उतराता मिला। सामाजिक वानिकी पूरनपुर रेंज के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शव को नहर से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए केंद्रीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) बरेली भिजवाया।

टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कुछ दिनों पहले वन विभाग के प्रदेश स्तरीय अधिकारियों ने मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस पर मंथन किया था। मुख्य वन संरक्षक सुनील कुमार पांडेय ने भी दो दिन पहले टाइगर रिजर्व का निरीक्षण कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे। बावजूद लुप्तप्राय जानवरों पर संकट मंडरा रहा है। बुधवार को बराही रेंज के जंगल से कई किमी दूर हरदोई ब्रांच नहर में तेंदुआ का शव उतराता देखा गया। वाइफरकेशन से निकलने वाली हरदोई ब्रांच नहर में पूरनपुर खटीमा वाले मार्ग में डगा पुल से कई किमी दूर दोपहर करीब बारह बजे नहर में नहाने गए कुछ बच्चों ने सबसे पहले तेंदुआ का शव देखा। सूचना सामाजिक वानिकी पूरनपुर को दी गई। रेंजर महेश चंद्र व डिप्टी रेंजर साजिद हसन व अन्य वन्य कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। डिप्टी रेंजर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही तेंदुआ की मौत के कारण का पता चल सकेगा।

तीन से चार साल की थी मादा तेंदुआ

पीलीभीत टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एच. राजामोहन  ने बताया कि शव मादा तेंदुआ का है। उम्र तीन से चार साल के बीच रही होगी। शरीर पर कहीं कोई चोट का निशान नहीं है।फिलहाल केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।

chat bot
आपका साथी