Karvachauth Market : सुहागिनों से गुलजार हुआ करवाचौथ का बाजार, लहगों से लेकर मंगलसूत्र की रही विशेष डिमांड, जानिए बाजार का हाल
Badaun Karvachauth Market निर्जला उपवास रख पति की दीर्घायु की कामना का पावन पर्व करवाचौथ रविवार को मनाया जाएगा। उपवास के साथ चांद का दीदार कर सुहागिनें पति की दीर्घायु की कामना करेंगी। इसकी तैयारियों को लेकर बाजार पूरी तरह गुलजार रहा।
बरेली, जेएनएन। Badaun Karvachauth Market : निर्जला उपवास रख पति की दीर्घायु की कामना का पावन पर्व करवाचौथ रविवार को मनाया जाएगा। उपवास के साथ चांद का दीदार कर सुहागिनें पति की दीर्घायु की कामना करेंगी। इसकी तैयारियों को लेकर बाजार पूरी तरह गुलजार रहा। महिलाओं की करवाचौथ को लेकर खास तैयारियां अंतिम दौर में हैं। शनिवार को बाजारों में सौंदर्य प्रसाधन, बूटीक पार्लरों, कपड़ा आदि की दुकानों पर खासा भीड़ रही। इसके अलावा लहंगे, साड़ियां, काजल, चूड़ी, पाउडर, सिंदूर से लेकर सोने चांदी के जेवरातों के बाजार में रौनक रही।
करवाचौथ को लेकर शनिवार को बाजार गुलजार दिखाई दिए। सुबह से लेकर शाम तक बाजारों में खूब रौनक रही। खासकर कपड़े, श्रंगार, बूटीक पार्लरों पर महिलाओं की भीड़ दिखाई दी। महिलाएं कपड़े से लेकर श्रंगार के सामान की खूब खरीदारी करती दिखी। महिलाओं ने पार्लरों पर पिया के नाम की मेहंदी लगवाई। त्योहार से एक दिन पहले महिलाओं में उत्साह दिखाई दिया। शहर के ब्यूटी पार्लरों पर महिलाओं की अोर से एडवांस बुकिंग भी रही। इसके अलावा बाजारों में जगह-जगह मेहंगी लगाने के लिए दुकानें लगी हुई है। नारी निखार ब्यूटी पार्लर की संचालिका रजनी मिश्रा ने बताया कि इस करवाचौथ पर हाइटेक एयरब्रश मेकअप की मांग बढ़ी है। कई महिलाओं ने इसकी बुकिंग कराई है। वहीं नेल एक्सटेंशन के लिए भी कई महिलाओं ने बुकिंग कराई गई। महिलाओं की एडवांस बुकिंग है। जोकि करवाचौथ के दिन ही कराएंगी।
रंग-बिरंगे करवा से सजा बाजार
शहर के बाजार में गली नुक्कड़ों पर करवा का बाजार सजा रहा। रंग बिरंगे करवा महिलाओं को भा रहे है। सजी हुई रंगबिरंगी छलनी और सीक भी खूब बिक्री दिखाई दी। इसके साथ ही महावर, मेहंदी, बिंदी, सिंदूर, चूड़ी, कंघा, बिछुआ, चुनरी आदि की खूब बिक्री हुई।
लहंगा और मंगलसूत्र की बढ़ी मांग
करवाचौथ के दिन पतियों द्वारा पत्नियों को उपहार के रूप में देने के लिए लहंगा और मंगलसूत्र पहली पसंद दिखाई दिया। बाजार में ज्वेलरी की दुकानों पर काफी मंगलसूत्र बिके है। महिलाओं को मंगलसूत्र के परपंरागत डिजाइन खूब भा रहा है। इसके अलावा लहंगे की भी डिमांड है। लहंगों के आर्डर बुक किए गए है।
कुमकुम चूड़ी और कड़ों की भरमार
बाजारों में चूड़ी और कड़ों की भी भारी बिक्री हुई है। महिलाओं को लुभाने के लिए विक्रेताओं ने चूड़ी और कड़ों की विशेष रेंज उपलब्ध कराई है। रंगबिरंगी चूड़ी और कड़े महिलाओं को खूब भा रहे है। चूड़ियों के साथ-साथ कड़ों के सेट की डिमांड भी बढ़ी है।