Bareilly nuisance : पीएसी के साये में करमपुर चौधरी गांव, घर छोड़ भागे उपद्रवी

गांव करमपुर चौधरी..सोमवार को यहां के उपद्रवियों ने पुलिस पर हमला करने के साथ चौकी जलाने की कोशिश की थी। वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है।

By Abhishek PandeyEdited By: Publish:Wed, 08 Apr 2020 01:46 PM (IST) Updated:Wed, 08 Apr 2020 01:46 PM (IST)
Bareilly nuisance : पीएसी के साये में करमपुर चौधरी गांव, घर छोड़ भागे उपद्रवी
Bareilly nuisance : पीएसी के साये में करमपुर चौधरी गांव, घर छोड़ भागे उपद्रवी

बरेली, जेएनएन। गांव करमपुर चौधरी..सोमवार को यहां के उपद्रवियों ने पुलिस पर हमला करने के साथ चौकी जलाने की कोशिश की थी। वजह, क्योंकि पुलिस लॉकडाउन का पालन करा रही थी। इस पर पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया और उपद्रवियों पर जमकर लाठी चटकाईं और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाकर माहौल खराब करने की कोशिश का सबक सिखाया। वहीं, मंगलवार को गांव में पीएसी की दो बटालियन और पुलिस बल तैनात रहा। गांव और आसपास सन्नाटा पसर गया। जो उपद्रवी सोमवार को पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए थे, वो मौका पाकर भाग निकले। उधर, अस्पताल में उपचार के बाद उपद्रवी कश्मीर खान को गिरफ्तार कर अन्य 44 आरोपितों के साथ जेल भेज दिया। वहीं, 200 अज्ञात लोगों की तलाश की जा रही। सभी पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस चौकी घेरने वालों की पहचान में जुटी है।

एडीजी से मिला प्रतिनिधिमंडल, जांच की मांग

करमपुर चौधरी गांव की घटना को लेकर दरगाह आला हजरत से जुड़े संगठन जमात रजा-ए-मुस्तफा का प्रतिनिधिमंडल एडीजी से मिला। बुजुर्गों और महिलाओं पर पुलिस के लाठियां चलाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने पूरे प्रकरण में जांच की मांग की। उधर, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने भी कहा कि लॉकडाउन तोड़ने की ग्रामीणों को इतनी बड़ी सजा देना ठीक नहीं है। जमात के प्रतिनिधिमंडल में शामिल सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, हाफिज इकराम खां, डॉक्टर मेहंदी हसन, शमीम अहमद, सय्यद इमरान अली ने आरोप लगाया कि दूसरे दरगाह से जुड़े लोगों को जबर्दस्ती तब्लीगी जमात का साबित करने का प्रयास हो रहा है। उधर, नबीरे आला हजरत कारी तसलीम रजा खां ने भी कहा कि गांव में ज्यादातर लोग सुन्नी बरेलवी हैं। ये आला हजरत दरगाह को मानने वाले हैं।

कश्मीर की मां भी गिरफ्त में

अस्पताल में भर्ती कश्मीर की मां नन्हीं खान को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नन्हीं देवी पर ही आरोप है कि उसने चौकी जलाने की बात कही थी। इसके बाद करमपुर चौधरी गांव के लोग आक्रोशित हुए थे और चौकी जलाने की कोशिश करने के साथ उपद्रव शुरू किया था।

एसएसपी ने परखे गांव के हालात, सख्ती के निर्देश

दोपहर करीब एक बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शैलेश पांडेय भी गांव करमपुर चौधरी पहुंचे। उन्होंने गांव में तैनात पुलिस कर्मियों से हालात की जानकारी ली। इंस्पेक्टर इज्जतनगर को निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर ढिलाई नहीं की जाए। अगर कोई लॉकडाउन का उल्लंघन करे तो सख्त कार्रवाई करें।

सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे वीडियो

बैरियर वन चौकी के सामने ग्रामीणों पर पुलिस की कार्रवाई के वीडियो वायरल हो रहे हैं। चौकी पर हमला करने के प्रयास के बाद जब पुलिस ने लाठी बरसाई तो कुछ वीडियो भी बने। इन वीडियो को लोग शेयर और रीट्वीट कर रहे। जिसके बाद वीडियो फेसबुक, ट्विटर, वाट्सएप के जरिए वायरल हो गए।

गांव में खुफिया विभाग सक्रिय

इज्जतनगर के करमपुर चौधरी गांव में उपद्रव के बाद खुफिया विभाग भी सक्रिय है। डीआइजी राजेश पाण्डेय ने तह तक जाने के लिए स्पेशल टीम भी लगाई है। गांव के अंदर भीड़ किसने इकट्ठा की इसका भी पता लगाया जा रहा।

बल्लियां लगाकर बंद किए रास्ते

कोई बाहरी गांव में न घुसे इसके लिए पुलिस ने गांव के सभी रास्ते बंद कर दिए है। रास्तों पर बल्लियां बांध दी हैं। इसी के साथ पुलिस पिकेट भी लगा दी गई है। किसी को भी गांव में घुसने नहीं दिया जा रहा है।

महिलाएं भी बाहर नहीं निकलीं

पुलिस कार्रवाई के बाद करमपुर चौधरी में कफ्यरू जैसे हालात हैं। गांव की गलियों में कोई नहीं निकल रहा है। भूख से पशु परेशान हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद अधिकतर पुरुष गांव छोड़कर चले गए हैं। वहीं महिलाएं भी बाहर नहीं निकल रहीं।

कुछ समाजसेवी संगठन पहुंचे

बीमार जानवरों की शिकायत पर मंगलवार को पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था के धीरज पाठक, सतीश यादव, आरएसएस गो सेवा महानगर प्रमुख डॉ. निरुपमा शर्मा गांव पहुंची। बीमार जानवरों का इलाज किया और कुछ जानवरों के चारे की व्यवस्था की। एसपी सिटी से बात कर गांव में ही कट्टी मशीन शुरू कराई।

आधा दर्जन को उठाया

मंगलवार को पुलिस ने मुकदमे नामजद कश्मीर खां व महिला समेत आधा दर्जन को उठाया। वहीं, अन्य आरोपितों की भी तलाश की जा रही है। 

chat bot
आपका साथी