Kanha Upvan News : बरेली के महेशपुर अटरिया में बनेगा कान्हा उपवन, 12 बीघा जमीन पर सवा करोड़ से बनेगी गोशाला
Kanha Upvan News शहर की सड़कों पर घूमने वाले गोवंश के लिए अब एक और गोशाला बनाने की तैयारी नगर निगम कर रहा है। नदोसी के बाद अब सीबीगेज के ही महेशपुर अटरिया में गोशाला बनाई जाएगी। इसके लिए नगर निगम जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा।
बरेली, जेएनएन। Kanha Upvan News : शहर की सड़कों पर घूमने वाले गोवंश के लिए अब एक और गोशाला बनाने की तैयारी नगर निगम कर रहा है। नदोसी के बाद अब सीबीगेज के ही महेशपुर अटरिया में गोशाला बनाई जाएगी। इसके लिए नगर निगम जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा।
नगर निगम ने करीब एक हजार गोवंश की क्षमता की गोशाला नदोसी में कान्हा उपवन के नाम से बनाई है। वहां पर लगभग इतने गोवंश रखे जा चुके हैं। अब पशुओं को रखने के लिए वहां जगह कम पड़ने लगी है। इधर, नगर निगम ने नई गोशाला बनाने के लिए सीबीगंज के महेशपुर अटरिया में करीब 12 बीघा जमीन चिह्नित की है। इस पर करीब 1.22 करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक गौशाला का निर्माण कराया जाएगा। इसमें करीब चार सौ गोवंश रखे जा सकेंगे।
शहर में बेसहारा घूमने वाले गोवंश को यहां रखा जाएगा। महापौर डा. उमेश गौतम ने बताया कि महेशपुर अटेरिया में 12 बीघा जमीन गोशाला के लिए चिह्नित कर ली है। यहां आधुनिक गोशाला का निर्माण किया जाएगा। यहां पशुओं को उनकी प्रजाति के हिसाब से अलग-अलग शेड में रखा जाएगा। 24 घंटे पानी की आपूर्ति के लिए नलकूप, शेड के ऊपर सौर ऊर्जा प्लांट लगाकर प्रकाश की व्यवस्था होगी। कार्यालय भवन के साथ ही पशु चिकित्सक, कर्मचारियों व चौकीदार के लिए कक्ष बनाए जाएंगे। गोबर से बायोगैस का भी उत्पादन किया जाएगा।