बरेली में अगले चार-पांच दिन लगातार बरसात के आसार

बरेली, जेएनएन: बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र होने से प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 05:47 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 05:47 AM (IST)
बरेली में अगले चार-पांच दिन लगातार बरसात के आसार
बरेली में अगले चार-पांच दिन लगातार बरसात के आसार

बरेली, जेएनएन: बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र होने से प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार देर रात जहां रुक-रुककर बरसात हुई। वहीं, शनिवार सुबह आसमान में ऐसी काली घटाएं छा गईं कि बिलकुल अंधेरा हो गया। कुछ ही देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार सुबह ढाई घंटे में करीब 71.2 मिमी बरसात हुई। इससे चिलचिलाती गर्मी से लोगों को राहत मिली और अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.5 और न्यूनतम 22.9 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विज्ञानी रविवार को करीब 31 मिमी तक बरसात होने और अगले पांच दिन में कुल 67 मिमी बारिश की संभावना जता रहे हैं।

पंत नगर कृषि विश्वविद्यालय के प्रधान मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में इन दिनों कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं, बरेली की ओर आने वाली हवा भी दक्षिण-पूर्वी है, इससे वहां बन रहे मौसम का सीधा असर यहां के मौसम पर पड़ रहा है। दबाव बढ़ने से अगले चार-पांच दिन लगातार बारिश होने की संभावना है। रविवार को तेज बारिश हो सकती है। इस दिन अनुमानत: 31 मिमी तक बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद सोमवार से बुधवार तक क्रमश: 11 मिमी, आठ मिमी और 10 मिमी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

बारिश के बावजूद कम नहीं होगा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक चार-पांच दिनों तक बारिश होने के बावजूद तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं होगी। विभाग के अनुसार 13 जून को जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 27 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। वहीं, 14 से 18 जून तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के करीब तक पहुंच सकता है। हालांकि न्यूनतम तापमान में मामूली कमी आएगी।

chat bot
आपका साथी