Fastag : वसूला गया दुुगुना टोल टैक्स तो दो दिन में 15 फीसद वाहन मालिकों ने लगवाए फास्टैग

राष्ट्रीय राजमार्ग पर फतेहगंज पश्चिमी स्थित टोल प्लाजा पर दो दिन में करीब 15 फीसद फास्टैग लगे वाहन पहुंचने लगे हैं। इसमें सबसे अधिक संख्या कारों की है। वही दो दिन में टैक्स वसूली का आंकड़ा भी दोगुना हो गया है। अधिकतर छोटे वाहनों से ही दोगुनी वसूली हुई है।

By Sant ShuklaEdited By: Publish:Fri, 19 Feb 2021 02:05 PM (IST) Updated:Fri, 19 Feb 2021 02:05 PM (IST)
Fastag : वसूला गया दुुगुना टोल टैक्स तो दो दिन में 15 फीसद वाहन मालिकों ने लगवाए फास्टैग
हफ्ते भर में सौ फीसद वाहनों पर फास्टैग लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

 बरेली, जेेएनएन।  राष्ट्रीय राजमार्ग पर फतेहगंज पश्चिमी स्थित टोल प्लाजा पर दो दिन में करीब 15 फीसद फास्टैग लगे वाहन पहुंचने लगे हैं। इसमें सबसे अधिक संख्या कारों की है। वही, दो दिन में टैक्स वसूली का आंकड़ा भी दोगुना हो गया है। इसमें अधिकतर छोटे वाहनों से ही दोगुनी वसूली हुई है। 16 फरवरी से देश भर में फास्टैग की अनिवार्यता के बाद वाहन स्वामी तेजी से फास्टैग लगवा रहे हैं। इस कारण हफ्ते भर में सौ फीसद वाहनों पर फास्टैग लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

85 फीसद हो गया फास्टैग लगे वाहनों का आंकड़ा 

टोल प्लाजा से रोजाना करीब 12 हजार से वाहनों की आवाजाही होती है। इसमें करीब बीस फीसद संख्या छोटी-बड़ी कारों की हैं। बस, ट्रक व अन्य व्यावसायिक वाहनों पर फास्टैग पहले से ही लगे हुए हैं। रोजाना निकलने वाली अधिकतम निजी कारों पर अब तक फास्टैग नहीं लगा हुआ था। देश भर में फास्टैग अनिवार्य होने के बाद जब टोल प्लाजा पर नकद में दोगुना टैक्स वसूल किया जाने लगा तो निजी वाहन स्वामियों ने तेजी से फास्टैग लगाने शुरू किए। दो दिन बाद ही टोल प्लाजा से करीब 85 फीसद वाहन फास्टैग से शुल्क अदा कर निकलने लगे हैं।

दोगुने टैक्स के रूप में आठ लाख से अधिक टैक्स वसूला 

अब तक सबसे अधिक कार स्वामियों ने ही फास्टैग नहीं लिया था। एक कार, जीप से करीब 130 रुपये टोल टैक्स लिया जाता है। फास्टैग नहीं होने पर कार स्वामियों को 260 रुपये टोल टैक्स चुकाना पड़ा। कार स्वामियों की जेब अधिक ढीली होने पर उन्होंने तेजी से फास्टैग लगाना शुरू किया। टोल प्लाजा से बीस फीसद कारों की आवाजाही माने तो करीब ढाई हजार कार रोजाना निकलती हैं। इससे सीधे तौर पर करीब साढ़े छह लाख रुपये टैक्स लिया गया। इसके अतिरिक्त बिना फास्टैग वाले अन्य वाहनों से मिलाकर आठ लाख से अधिक का टैक्स वसूल किया गया। इस शुल्क में आधा टोल प्लाजा वालों को और आधा एनएचएआइ को दिया जाएगा।

गुरुवार को भी रही फास्टैग लेने वालों की भीड़ 

टोल प्लाजा पर इंडियन हाईवे मैनेजमेंट कंपनी की ओर से फास्टैग बनाने के लिए स्टॉल लगा हुआ है। इस पर गुरुवार को भी कारों स्वामियों की लाइन लगी रही। वहां तमाम लोगों ने रुककर फास्टैग बनवाया। इसके साथ ही कइयों ने वहां फास्टैग रिचार्ज भी कराया। 16 और 17 फरवरी मात्र दो दिन में करीब 15 फीसद वाहनों पर फास्टैग लगाए गए। माना जा रहा कि हफ्ते भर में सौ फीसद वाहनों में फास्टैग लग जाएगा।

नकद टैक्स के कारण रुक रहे वाहन 

तमाम वाहनों पर फास्टैग नहीं लगा होने के कारण टोल प्लाजा पर अब भी नकद टैक्स भुगतान चल रहा है। इस कारण वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकना पड़ा रहा है। ऐसे में अन्य वाहन जिन पर फास्टैग लगा होता है, उनके लिए भी रुकना मजबूरी बन जाता है। कई बार बूथ पर वाहनों के फास्टैग स्कैन नहीं हो पाने के कारण भी हैंडल स्कैनर लगाने के चलते वाहनों को निकलने में समय लग रहा है।

क्या कहना है लोगों को

 कभी कभार ही बाहर जाने के कारण अब तक फास्टैग नहीं लगवाया था। अब देश भर में फास्टैग अनिवार्य होने पर वाहन में लगवा लिया है।

रामेश्वर गिरि, वाहन मालिक

 हमारे वाहन में फास्टैग लगा हुआ है, लेकिन आगे वाले वाहन का फास्टैग सही काम नहीं कर रहा। इस कारण हमें भी टोल प्लाजा पर रुकना पड़ा।

सोनू दीक्षित, वाहन मालिक

क्या कहना है टोल मैनेजर का 

पहले दो दिनों में ही करीब 15 फीसद वाहनों पर फास्टैग लग गया है। इन दो दिनों में फास्टैग नहीं लगे कई वाहनों से दोगुना टैक्स भी वसूला गया है। उम्मीद है कि हफ्ते भर में सौ फीसद वाहनों पर फास्टैग लगा लिए जाएंगे।

श्यामवीर सिंह, मैनेजर, टोल प्लाजा

chat bot
आपका साथी