Eid ul Fitar 2021: दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन बाेले- ऐ अल्लाह, अपने बंदों को ऐसी ईद फिर न दिखाना

Eid ul Fitar 2021 ईद-उल-फितर पर दरगाह आला हजरत समेत शहर भर की सभी खानकाहों दरगाहों व मस्जिदों में सीमित संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में कारी रिजवान रजा ने नमाज अदा कराई।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 04:30 PM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 04:30 PM (IST)
Eid ul Fitar 2021: दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन बाेले- ऐ अल्लाह, अपने बंदों को ऐसी ईद फिर न दिखाना
Eid ul Fitar 2021: दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन बाेले- ऐ अल्लाह, अपने बंदों को ऐसी ईद फिर न दिखाना

बरेली, जेएनएन। Eid ul Fitar 2021: ईद-उल-फितर पर दरगाह आला हजरत समेत शहर भर की सभी खानकाहों, दरगाहों व मस्जिदों में सीमित संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में कारी रिजवान रजा ने नमाज अदा कराई। दरगाह प्रमुख हजरत मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां), हजरत मन्नान मियां, मौलाना तौसीफ मियां, मौलाना तौकीर मिया, मौलाना जमाल मियां समेत खानदान के चंद लोगों ने नमाज अदा कर सभी को मुबारकबाद पेश की।

सज्जादानशीन अहसन मियां ने कहा कि यह लगातार दूसरा साल है जब ईद के मौके पर हमारी ईदगाहे, हमारी इबादतगाहे सूनी पड़ी है। रमजान में भी लोग मुकम्मल तौर पर इबादत नहीं कर सके। यह मंजर दिल को झकझोर रहा है। हजारों लोग जो पिछले साल हमारे साथ ईद की खुशियां मना रहे थे अब वह हमारे बीच नहीं रहे। लाखों लोग आज भी अस्पतालों और घरों में इलाज ले रहे हैं। उनकी भी नमाज अदा नही हो सकी। अब तो बस अल्लाह से यही दुआ है कि ऐ अल्लाह ऐसी ईद दोबारा कभी न दिखाना।

मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि हजरत अहसन मियां ने जो लोग दुनिया से चले गए उन्हें ताजियत पेश करते हुए अल्लाह से उनके लिए मगफिरत और बीमारों के लिए शिफा की दुआ की। रमजान में की गई इबादतों को अल्लाह की बारगाह में कुबूलियत की दुआ की। उन्होंने फिलस्तीन में इजराइल फौजों द्वारा की जा रही जुल्म और ज्यादती की कड़े शब्दों में मजम्मत की। दुनिया से कोरोना के खात्मे की दुआ की।

ईद के दिन पैगाम जारी करते हुए कहा कि इस मुश्किल वक्त में सभी लोग बीमारों व गरीबों की खूब मदद करें। हमसे रब की बारगाह में कोई गलती हुई हो तो सच्चे दिल से तौबा कर लें। मुफ्ती सलीम नूरी बरेलवी व नासिर कुरैशी ने भी सबको मुबारकबाद दी। 

chat bot
आपका साथी