District Panchayat President Election : बदायूं में सपा कर रही भाजपा के प्रत्याशी घोषित करने का इंतजार, बढ़ रही सियासी हलचलें, जानिए क्या बन रहे हालात

District Panchayat President Election बदायूं में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की प्रशासनिक तैयारी जहां अंतिम चरण में पहुंच चुकी है वहीं राजनीतिक दलों ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं।भाजपा से पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव की पत्नी वर्षा यादव का टिकट तय माना जा रहा है।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 05:20 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 05:20 PM (IST)
District Panchayat President Election : बदायूं में सपा कर रही भाजपा के प्रत्याशी घोषित करने का इंतजार, बढ़ रही सियासी हलचलें, जानिए क्या बन रहे हालात
District Panchayat President Election : बदायूं में सपा कर रही भाजपा के प्रत्याशी घोषित करने का इंतजार

बरेली, जेएनएन । बदायूं में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की प्रशासनिक तैयारी जहां अंतिम चरण में पहुंच चुकी है, वहीं राजनीतिक दलों ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं।भाजपा से पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव की पत्नी वर्षा यादव का टिकट तय माना जा रहा है। हालांकि अधिकृत घोषणा अभी तक नहीं की गई है, लेकिन पार्टी के जिम्मेदार दबी जुबान से इसकी पुष्टि करने लगे हैं।सपा भी भाजपा का टिकट घोषित होने का इंतजार कर रही है।

नामांकन के लिए 26 जून की तारीख तय की गई है। प्रथम नागरिक की कुर्सी पर कौन महिला आसीन होगी, इसको लेकर सियासी गलियारे में कौतुहल बढ़ता जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि दो दिन के भीतर भाजपा और सपा दोनों दलों के उम्मीदवारों के नाम घोषित हो जाएंगे। भाजपा से वर्षा यादव के नाम पर सहमति बन जाने की चर्चाएं आम हो चुकी हैं। यहां तक कि इंटरनेट मीडिया पर उन्हें बधाई देने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे इस चुनाव को लेकर भाजपा और सपा दोनों पार्टियां संजीदा हैं।

भाजपा के टिकट के सभी प्रमुख दावेदार शनिवार को भी लखनऊ में डेरा जमाए रहे। वजह, अभी तक किसी को ग्रीन सिग्नल नहीं दिया गया है। मंथन का दौर चल रहा है, अभी तक किसी को जवाब भी नहीं दिया गया है। टिकट तो किसी एक को ही मिलना है, लेकिन उम्मीद लगाए सभी लोग टिकट घोषित होने का इंतजार कर रहे हैं। चुनाव प्रभारी नियुक्त किए गए नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय समेत प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति तय की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नाम तय हो चुका है, अधिकृत सूची भी जल्द जारी हो जाएगी।

सप्ताहभर का चुनावी खेल

प्रथम नागरिक के चुनाव का यह खेल एक सप्ताह में ही खत्म हो जाएगा। 26 जून को नामांकन कराया जाएगा। तीन जुलाई को मतदान होगा और इसी दिन मतगणना कराकर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। नामांकन और मतदान के बीच सिर्फ सात दिन का समय है। मतदाता 51 सदस्य हैं, जिनमें उम्मीदवारों के नाम भी शामिल है। जीत के लिए 26 मत की जरूरत है, लेकिन कम से कम 30 सदस्यों का समर्थन हासिल करने की तैयारी करनी होगी।

chat bot
आपका साथी