बिना तिरपाल खुला कूड़ा ले जाने से फैल रही गंदगी

बरेली, जेएनएन : दैनिक जागरण के साप्ताहिक प्रश्न पहर कार्यक्रम में बुधवार को नगर आयुक्त अभिषेक आनंद म

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Oct 2020 02:49 AM (IST) Updated:Thu, 29 Oct 2020 02:49 AM (IST)
बिना तिरपाल खुला कूड़ा ले जाने से फैल रही गंदगी
बिना तिरपाल खुला कूड़ा ले जाने से फैल रही गंदगी

बरेली, जेएनएन : दैनिक जागरण के साप्ताहिक प्रश्न पहर कार्यक्रम में बुधवार को नगर आयुक्त अभिषेक आनंद मौजूद रहे। उन्होंने फोन पर शहरवासियों की समस्याओं को सुना और जल्द उनके निस्तारण का आश्वासन दिया। शहर के विकास और लोगों की सहूलियत बढ़ाने के निरंतर प्रयास किए जाने का वादा भी शहरवासियों से किया। लोगों ने शहर में साफ-सफाई व्यवस्था, सड़क-नाली निर्माण, टैक्स में गड़बड़ियों समेत अन्य समस्याएं बताईं। इस पर उन्होंने तत्काल अधिकारियों को निर्देशित भी किया। प्रश्न : बजरिया पूरनमल में हिदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक चुन्ना मियां मंदिर वाली सड़क काफी खराब हो गई है। बारिश में जलभराव से बुरा हाल हो जाता है।

अजय कुमार, बड़ा बाजार

उत्तर : बीते दिनों कई सड़कों के निर्माण के टेंडर हुए हैं, कई टेंडर प्रक्रिया में हैं। इस सड़क का पता लगाकर आपको सूचित किया जाएगा।

प्रश्न : महीनों से लाइटें नहीं जल रही हैं। नाला साफ नहीं हुआ है, जिस कारण काफी गंदगी रहती है।

छोटे लाल प्रजापति, सौ फुटा रोड

उत्तर : वहां के सफाई निरीक्षक और प्रकाश विभाग के अधिकारियों को तुरंत कहा जा रहा है। जल्द टीम वहां पहुंचेगी।

प्रश्न : किला पुलिस चौकी से द्रोपदी कन्या इंटर कॉलेज तक सड़क पर कई गड्ढे हो गए हैं। नालियों का ढाल ठीक नहीं है।

नाहिद अली, छीपी टोला

उत्तर : निर्माण विभाग की टीम जल्द आपके यहां आकर सड़क की स्थिति देखेगी।

प्रश्न : रोड बेहद खराब है और गंदगी से बुरा हाल हो रहा है। सुनवाई नहीं हो रही है।

शीला सिंह परिहार, गंगा कॉलोनी, बदायूं रोड

उत्तर : आपकी समस्या नोट कर ली है। जल्द टीम वहां आकर सर्वे करेगी।

प्रश्न : घर के आगे की पुलिया बैठ गई है, जिससे पानी की निकासी रुक गई है। कुछ दूर निगम सड़क बनवा रहा है। कृपया उन्हीं से पुलिया ऊंची करा दें।

अनिल कुमार सक्सेना, दुर्गा नगर

उत्तर : निर्माण विभाग की टीम आपके यहां आएगी, जल्द काम करा दिया जाएगा।

प्रश्न : ईदगाह के सामने रोड काफी नीची हो गई है। गंदगी रहती है। सफाई भी ठीक से नहीं हो रही है। बाकरगंज खड्ड में कूड़ा तिरपाल से ढककर नहीं आता है। गंदगी फैलती है।

मेहताब अली, बाकरगंज

उत्तर : सभी वाहन जो कूड़ा बाकरगंज ले जाते हैं, उन्हें तिरपाल से ढककर ही कूड़ा ले जाने को कहा है। अगर वह ऐसा नहीं कर रहे तो उन पर कार्रवाई होगी।

प्रश्न : एडीएम कंपाउंड के सामने एक छोटी गली आज भी कच्ची है। छह साल से उसे बनाने की मांग कर रहे हैं।

अनिल शर्मा, सिविल लाइंस

उत्तर : ऐसा होना तो नहीं चाहिए, क्यों कि वहां सारी गलियां पक्की हैं। फिर भी दिखवा लेता हूं।

प्रश्न : महानगर गेट के सामने सड़क पर ट्रैफिक बहुत अधिक हो गया है। वहां हो सके तो सड़क पर डिवाइडर बनवा दीजिए।

विजय कुमार साहनी, महानगर

उत्तर : निर्माण विभाग की टीम को मौके पर भेजकर सर्वे कराया जाएगा।

प्रश्न : कुमार टाकीज से सराय खाम तक सड़क के खस्ताहाल हैं। दो बार गिट्टी डाली जा चुकी है।

मुज्जकिर हुसैन, बाग बृगटान

उत्तर : सड़क पास है, ठेकेदार अगर काम नहीं कर रहा तो उसे नोटिस दिया जाएगा।

प्रश्न : चौरासी घंटा मंदिर के पास नाली की पुलिया नीची हो गई है। इससे वहां गंदगी भर रही है। सफाई कर्मियों को रुपये देकर काम कराया था। समाधान नहीं हो पाया है।

शोभा अग्रवाल, तिलक कॉलोनी

उत्तर : निगम के किसी भी कर्मचारी को रुपये नहीं दें। जल्द जेई को वहां भेजते हैं।

प्रश्न : आला हजरत दरगाह के पास रघुनाथ मंदिर से मलूकपुर चौकी तक सड़क नहीं बनी है। इससे दिक्कत है।

मोहित टंडन, बिहारीपुर

उत्तर : वहां सड़क का कुछ हिस्सा पास नहीं हुआ है, उसे भी बनाया जाएगा। समस्या दूर होगी।

प्रश्न : कॉलोनी में गड्ढे हो गए हैं। नालियां नहीं बनी हैं। इससे समस्या हो रही है।

विनोद भसीन, प्रियदर्शनी नगर

उत्तर : जल्द वहां निर्माण विभाग की टीम भेजी जाएगी।

प्रश्न : बिहारीपुर ढाल से टक्कर की पुलिया तक नाली में बहुत गंदगी है। सफाई नहीं होती।

इंद्रदेव त्रिवेदी, बिहारीपुर

उत्तर : मामला संज्ञान में है। वहां रोड नीची होने से दिक्कत हो रही है। उसे ठीक कराया जाएगा।

प्रश्न : नालियों में कूड़ा, मलबा बहुत है। सफाई नहीं होती है।

लवलीन कपूर, सौदागरान

उत्तर : अतिक्रमण हटवाकर सफाई कराई जाएगी।

chat bot
आपका साथी