मास्क मानक के मुताबिक और सही तरीके से पहना जाए तो 80 फीसदी तक करता है कोरोना से बचाव
कोविड अस्पताल के सीएमएस डा. वागीश वैश्य का कहना है कि मास्क संक्रमण से बचाव के लिए सबसे अधिक उपयोगी है। यह आपको संक्रमण से 80 फीसद तक बचाता है। बताते हैं कि मास्क मापदंडों के अनुसार हो और इसे सही तरह से पहना जाए।
बरेली, जेएनएन। कोरोना संक्रमण पर रोकथाम लगाना स्वास्थ्य विभाग के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। यह इसलिए क्योंकि इसकी अब तक कोई दवा नहीं है। इसके चलते ही कोरोना से बचाव के लिए शारीरिक दूरी, हाथों को समय समय पर धोने और मास्क को जरूरी बताया गया है। इसमें मास्क को सबसे जरूरी बताया गया है। कोविड अस्पताल के सीएमएस डा. वागीश वैश्य का कहना है कि मास्क संक्रमण से बचाव के लिए सबसे अधिक उपयोगी है। यह आपको संक्रमण से 80 फीसद तक बचाता है। बताते हैं कि मास्क मापदंडों के अनुसार हो और इसे सही तरह से पहना जाए। इसमें तीन परत वाला सर्जिकल मास्क पहन सकते हैं या घर पर साफ कपड़े से बनाए गए तीन परत के मास्क को भी उपयोग में ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चिकित्सकीय कार्य करने वाले लोगों को एन-95 मास्क पहनना चाहिए। सीएमएस ने बताया कि सर्जिकल मास्क गीला होने पर उपयोगी नहीं होता। इसी तरह मास्क को पहनने का तरीका भी ठीक रखें। इसे इस तरह पहने कि वह नाक और मुंह दोनों को कवर करे। मास्क को गले पर न लटकाएं और न ही बार बार ऊपर नीचे करते रहें।
बाजार में उपलब्ध कई तरह के मास्क
कोरोना संक्रमण शुरू होने के बाद मास्क का व्यापार ने तेजी पकड़ी है। अब बाजार में कई तरह के मास्क मौजूद हैं। इसमें एक लेयर वाला मास्क जो पांच रुपये तक में बाजार में उपलब्ध हैं। इसके अलावा तीन लेयर मास्क कई तरह का है। इसमें डिस्पोजल मास्क भी शामिल है। यह डिस्पोजल मास्क दस रुपये तक का है। जबकि एन-95 मास्क की कीमत 60 रुपये से 150 तक है। सरकारी मशीनरी द्वारा बड़ी संख्या में कपड़े के मास्क भी उपलब्ध कराए गए हैं।