बाजार में जाम से निजात को वन-वे पर विचार, नियमों के उल्लंघन पर बढ़ेगी सख्ती

पुराने शहर में जाम की समस्या नासूर बन चुकी है। ई-रिक्शा और ऑटो संचालकों की मनमानी हावी है। बुधवार को दैनिक जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में आए एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार बाजपेई ने यातायात की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब दिए

By Sant ShuklaEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 08:25 AM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 09:39 AM (IST)
बाजार में जाम से निजात को वन-वे पर विचार, नियमों के उल्लंघन पर बढ़ेगी सख्ती
एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार बाजपेई ने यातायात की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब दिए।

बरेली, जेएनएन। पुराने शहर में जाम की समस्या नासूर बन चुकी है। ई-रिक्शा और ऑटो संचालकों की मनमानी हावी है। वाहनों में क्षमता से ज्यादा सवारियां बिठाई जा रही हैं। बुधवार को दैनिक जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में आए एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार बाजपेई ने यातायात की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या से निजात के लिए पांच-छह प्वाइंटों को वन-वे करने पर विचार चल रहा है। इन स्थानों पर भी ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी सुनिश्चित की जाएगी। पेश है बातचीत के अंश :

प्रश्न: किले पर जाम की सर्वाधिक दिक्कत है। व्यापार पूरी तरह से चौपट हो गया है?
 - मेहताब खान, व्यापारी, किला

उत्तर: पुराने शहर में जाम की समस्या है। किला में भी दिक्कतें सामने आई हैं। प्रबंधन के लिए टाइम स्लॉट के माध्यम से वाहन गुजारने पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही परिवर्तन दिखेगा।

प्रश्न: श्यामगंज में रोड पर ई-रिक्शे से बहुत परेशानी है। शाहदाना साहब वाली मजार से यह सब गुजरते हैं। इसे पुल से गुजारा जाए, बैरियर भी लगवाए जाए?
- फैज मुहम्मद, बरेली कॉलेज

उत्तर: शहदाना साहब वाली मजार के आगे एक तरफ बैरियर लगा है। इससे ई-रिक्शा और ऑटो को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। शार्टकर्ट से यदि ई-रिक्शा या ऑटो प्रवेश कर रहे हैं तो इन्हें दिखवाकर कार्रवाई की जाएगी।
प्रश्न: पटेल चौक, अयूब खां, नावल्टी, कुतुबखाना और बड़ा बाजार जाम की चपेट में हैं। कार्रवाई के नाम पर चालान होते हैं। व्यवस्था कब बनेगी?
- अजय टंडन, समाजसेवी

उत्तर: पुराने शहर में जगह की कमी है। उन्हीं सड़कों पर अतिक्रमण भी है। अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसे और तेज किया जाएगा। बाजार में तिपहिया व चौपहिया वाहन प्रवेश न करें, इसके लिए कुतुबखाना से पहले पार्किंग की व्यवस्था को लेकर भी विचार किया जा रहा है।

प्रश्न: देहात परमिट के ऑटो क्षमता से अधिक सवारी लेकर फर्राटा भर रहे हैं। इससे दुर्घटनाएं हो रही हैं?
- इकरार अंसारी, मिनी बाईपास

उत्तर: बिल्कुल, ऐसी शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग का भी सहयोग लिया जाएगा। क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर सवारी ढोना बिल्कुल गलत है।

प्रश्न: कुतुबखाना पर जाम की स्थिति भयंकर है?
- जावेद हुसैन, शाहाबाद

उत्तर: पुराने मार्केट पर भीड़भाड़ ज्यादा होती है। ऐसी जगहों पर आवागमन बेहतर हो, इसके लिए काम चल रहा है। कोतवाली से कुतुबखाना दोनों में से किसी एक को वन-वे बनाने पर विचार चल रहा है।

प्रश्न: केशवपुर से सेटेलाइट के लिए चलने वाले ऑटो ज्यादा किराया वसूल करते हैं। शहर परमिट के ऑटो देहात तक चल रहे हैं?
- नाथू लाल प्रधान, केशवपुर

उत्तर: एक ऑटो को 16 किलोमीटर का परमिट मिलता है। किराए का काम आरटीओ विभाग देखता है। यदि संचालक डबल किराया ले रहे हैं तो आरटीओ विभाग को इससे अवगत कराया जाएगा। कार्रवाई होगी।

प्रश्न: मिनी बाईपास से बहेड़ी की ओर से ई-रिक्शा और ऑटो ओवरलोड सवारी लेकर धड़ल्ले से चल रहे हैं? जुगाड़ से सीटें भी बढ़ा रखी हैं?
ओंकार सिंह, सीबीगंज

उत्तर: इसको दिखवाया जाएगा। जुगाड़ से गाड़ी में जगह बढ़वाकर सवारी ढोया जाना सीधे-सीधे हादसों को दावत देना है। इससे दुर्घटनाओं की संभावनाएं अधिक हैं। इस पर तुरंत काम किया जाएगा।

प्रश्न: जिस हिसाब से पुराने शहर में जाम लग रहा है। उस हिसाब से कुछ मार्गों पर वन-वे का विचार होना चाहिए?
- इंद्र देव त्रिवेदी, बिहारीपुर खत्रियान

उत्तर: बिल्कुल, यह अच्छा सुझाव है। वन-वे कहां-कहां किया जा सकता है, इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस की टीम काम कर रही है। पांच से छह जगहों पर वन-वे की संभावना बन रही हैं। मंथन चल रहा है। सहमति बनने पर कुछ मार्गों पर वन-वे लागू किया जाएगा।

प्रश्न: क्या डिजी लॉकर एप में आरसी और डीएल के पेपर मान्य नहीं हैं? मूल प्रमाणपत्र साथ रखना जरूरी हैं?
- आशीष श्रीवास्तव, बरेली कॉलेज

उत्तर: डिजी लॉकर एप से भी आप चेकिंग के दौरान गाड़ी के कागजात और डीएल दिखा सकते हैं। यह मान्य है। चेकिंग के नाम पर आपको कोई परेशान नहीं कर सकता। यदि कोई परेशान करता है तो कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

प्रश्न: ई-रिक्शा व ऑटो चालकों का उत्पात है, इन पर सख्ती कब होगी?
- चंगेज खान, चक महमूद

उत्तर: ट्रैफिक विभाग लगातार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई कर रहा है। यातायात माह के तहत बड़े स्तर पर कार्रवाई भी की जा चुकी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को कोई छूट नहीं है। चाहे वह कोई भी हो, नियम सबके लिए एक है।

इन्होंने भी पूछे सवाल
रेलवे पुलिया से संतोष पांडेय, महानगर कॉलोनी से रमेश केसरी, डेलापीर से जुगल किशोर, सिविल लाइन से संतोष कुमार, बरेली कॉलेज से अभिषेक, कुतुबखाना से सौरभ, कर्मचारीनगर से महेश ने भी सवाल किए।

chat bot
आपका साथी