पीलीभीत टाइगर रिजर्व आइये और लीजिये जंगल का मजा, पर्यटकों को मिलेंगी नई और बेहतर सुविधाएं

Pilibhit Tiger Reserve इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं। पीलीभीत टाइगर रिजर्व अब पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है। सोमवार को धूमधाम के साथ पर्यटन सत्र का शुभारंभ होगा। टूरिस्ट गाइडों का प्रशिक्षण भी शनिवार को पूर्ण हो गया। चूका में भी सुविधाएं पूर्ण कर ली गई हैं।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Sun, 14 Nov 2021 11:23 AM (IST) Updated:Sun, 14 Nov 2021 11:23 AM (IST)
पीलीभीत टाइगर रिजर्व आइये और लीजिये जंगल का मजा, पर्यटकों को मिलेंगी नई और बेहतर सुविधाएं
विश्व प्रसिद्ध चूका स्थल पर तैयारियां हो चुकीं पूर्ण, सोमवार को धूमधाम से होगा पर्यटन सत्र का शुभारंभ

बरेली, जेएनएन। Pilibhit Tiger Reserve : इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं। पीलीभीत टाइगर रिजर्व अब पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है। सोमवार को धूमधाम के साथ पर्यटन सत्र का शुभारंभ होगा। टूरिस्ट गाइडों का प्रशिक्षण भी शनिवार को पूर्ण हो गया। चूका में भी सुविधाएं पूर्ण कर ली गई हैं। इसके अलावा होम स्टे की सुविधा देने वालों की भी मुकम्मल तैयारी है। शनिवार को जिलाधिकारी पुलकित खरे चूका स्थल पर पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। इसके पहले विगत छह नवंबर को भी जिलाधिकारी चूका पर गए थे। वहां निरीक्षण के दौरान कई कमियां पाई थीं। नए पर्यटन सत्र की तैयारियां भी अधूरी मिली थीं। इस पर उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को नोटिस जारी करने के साथ ही तैयारियां दो दिन के भीतर पूर्ण कराने की जिम्मेदारी संयुक्त मजिस्ट्रेट आइएएस नूपुर गोयल व सीडीओ प्रशांत श्रीवास्तव को सौंपी थीं।

इन दोनों अधिकारियों ने वन विभाग के अधिकारियों के सहयोग से सभी तैयारियों को तेजी से पूर्ण कराया। इसीलिए आज जब डीएम वहां पहुंचे तो तैयारियों को देख संतोष जताया। उन्होंने निर्देश दिए कि चूका पर आने वाले सभी पर्यटकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। जंगल के आसपास जिन दो स्थानों पर होम स्टे की व्यवस्था शुरू हुई है, वहां भी पर्यटकों को मानक के अनुसार सुविधाएं मुहैया कराने के लिए डीएम ने निर्देशित किया। प्रभागीय वनाधिकारी नवीन खंडेलवाल ने डीएम को अवगत कराया कि दोनों होम स्टे पर भी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

जंगल में जिन मार्गों से होकर पर्यटक भ्रमण करेंगे, उन्हें दुरुस्त करा दिया गया है। पर्यटकों को लाने और वापस ले जाने सभी जिप्सी और टाटा जिनान जैसे वाहन पूरी तरह से तैयार कर लिए गए हैं। सभी गाइडों का प्रशिक्षण भी पूरा हो गया है।गाइडों को विशेष तौर पर पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार करने, उन्हें जंगल और वन्यजीवों के बारे में सटीक जानकारी मुहैया कराना सिखाया गया है। टाइगर रिजर्व के प्रभागीय वनाधिकारी नवीन खंडेलवाल ने बताया कि  सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को समारोह पूर्वक टाइगर रिजर्व के पर्यटन सत्र का शुभारंभ होगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। पर्यटकों को इस बार और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

chat bot
आपका साथी