CM Yogi Badaun Visit : सपा के गढ़ में कमल खिलाने की उम्मीद जगा गए योगी, जगाई हिंदुत्व की अलख

CM Yogi Badaun Visit सपा के गढ़ सहसवान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कमल खिलाने की उम्मीद जगा गए। जनहित में किए गए भाजपा सरकार के साढ़े चार साल की उपलब्धियों को गिनाते हुए समाज के हर वर्ग के लिए चलाई जा रही है।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Wed, 10 Nov 2021 05:18 PM (IST) Updated:Wed, 10 Nov 2021 05:18 PM (IST)
CM Yogi Badaun Visit : सपा के गढ़ में कमल खिलाने की उम्मीद जगा गए योगी, जगाई हिंदुत्व की अलख
CM Yogi Badaun Visit : सपा के गढ़ में कमल खिलाने की उम्मीद जगा गए योगी, जगाई हिंदुत्व की अलख

बरेली, कमलेश शर्मा। CM Yogi Badaun Visit : सपा के गढ़ सहसवान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कमल खिलाने की उम्मीद जगा गए। जनहित में किए गए भाजपा सरकार के साढ़े चार साल की उपलब्धियों को गिनाते हुए समाज के हर वर्ग के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की। चालीस मिनट के संबोधन में बिना नाम लिए शुरू से ही सपा को निशाने पर रखा। युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए अब तक हुए प्रयास को गिनाया तो महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति की चर्चा की। किसानों को सीधे मिल रही योजनाओं के लाभ की जानकारी देकर यह बताने की कोशिश की कि उनका हित भाजपा शासन में ही सुरक्षित है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में कोरोना काल में उपजी समस्या से आम आदमी को राहत दिलाने के लिए उठाए गए कदम की चर्चा करते हुए कहा कि अभी तक केंद्र सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया था। अब प्रदेश सरकार दीपावली से लेकर होली तक मुफ्त खाद्यान्न के साथ तेल, चीनी और नमक भी उपलब्ध कराएगी। विस्तार से समझाया अंत्योदय परिवारों को हर महीने 35 किलो खाद्यान्न के साथ एक-एक किलो दाल, चीनी, खाद्य तेल और नमक भी दिया जाएगा।

इसी तरह पात्र गृहस्थी परिवारों को यूनिट के हिसाब से पांच किलो खाद्यान्न, एक-एक किलो दाल, चीनी, खाद्य तेल और नमक दिया जाएगा। विकास के मुद्दे पर समझाया कि सांसद डा.संघमित्रा मौर्य कर्मठ हैं, केंद्र के साथ वह लखनऊ से भी योजनाएं लाकर क्षेत्र का विकास करा रही हैं, लेकिन सांसद के साथ विधायक भी भाजपा का होगा तो विकास की गति और तेज हो सकेगी। हिंदुत्व से लोगों को जोड़ने के लिए बदायूं के वैदिक संस्कृति की चर्चा की। कहा कि यहां वेदों की शिक्षा दी जाती थी, कछला में भगीरथ ने गंगा को धरती पर लाने के लिए तप किया था।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अयोध्या के दीपोत्सव को देखकर पूरी दुनिया में घर-घर दीप जले। भारतीय संस्कृति को समृद्ध करने का जज्बा जो भाजपा सरकार ने दिखाया है वह कभी नहीं दिखा। गोवंश संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों की चर्चा करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने गोवध के कलंक को मिटाया है। शहर से लेकर गांव तक गोवंश के संरक्षण के लिए गोआश्रय स्थल संचालित किए जा रहे हैं। धनतेरस हो या दीपावली, गोवर्धन पूजा हो या भैया दूज सभी पर्व शांति और उल्लास के साथ मनाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने समझाया कि भाजपा शासन में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र को दिया जा रहा है चाहे वह किसी भी जाति-धर्म का हो। अपराधी, माफिया और आतंकी के साथ कोई रियायत नहीं बरती जा रही है। योगी ने जिले के लोगों को समझाया कि भाजपा सरकार से पहले उत्तर प्रदेश पिछड़े जिलों में गिना जाता था, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। पिछली सरकारों में भय के कारण यहां कोई उद्यमी पूंजी निवेश नहीं करता था, आज बड़े उद्यमी उद्योग लगाने आ रहे हैं।

एक-जिला एक उत्पाद योजना से बुनकरों को मिले रोजगार की चर्चा कर समझाया कि सरकार हर वर्ग के उत्थान की कोशिश कर रही है। आखिरी में कोरोना संक्रमण से मुक्ति के लिए कराए जा रहे वैक्सीनेशन की चर्चा करते हुए महामारी से सुरक्षित रहने के लिए वंचित लोगों से वैक्सीन लगवाने का आग्रह कर यह दर्शाने की कोशिश भी की कि सरकार सभी की सेहत के लिए कितनी संवेदनशील है।

chat bot
आपका साथी