बरेली में कारोबारी पर हमला करने वाले भाजपा नेता पर दर्ज हुआ मुकदमा, कार खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद

BJP Leader Attack on Businessman in Bareilly कार खड़ी करने को लेकर भाजपा नेता उद्यमी से भिड़ गया। आरोप है कि मामला खत्म होने के बाद भी भाजपा नेता साथियों संग उद्यमी के घर जा धमका और मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी दी।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Tue, 23 Nov 2021 07:32 AM (IST) Updated:Tue, 23 Nov 2021 07:32 AM (IST)
बरेली में कारोबारी पर हमला करने वाले भाजपा नेता पर दर्ज हुआ मुकदमा, कार खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद
बरेली में कारोबारी पर हमला करने वाले भाजपा नेता पर दर्ज हुआ मुकदमा, कार खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद

बरेली, जेएनएन। BJP Leader Attack on Businessman in Bareilly : कार खड़ी करने को लेकर भाजपा नेता उद्यमी से भिड़ गया। आरोप है कि मामला खत्म होने के बाद भी भाजपा नेता साथियों संग उद्यमी के घर जा धमका और मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी दी। जैसे-तैसे स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंची आरोपित भाग खड़े हुए। उद्यमी की तहरीर पर कैंट पुलिस ने भाजपा नेता मनोज यादव के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मनोज यादव खुद को भाजपा पिछड़ा मोर्चा का महानगर उपाध्यक्ष बताते हैं।

कैंट के बीआइ बाजार निवासी स्विफ्ट कैमिकल फैक्ट्री के मालिक उद्यमी मनु ढीगड़ा ने बताया सोमवार को शाम साढ़े चार बजे के करीब बेटी को कोचिंग से छोड़कर वापस आ रहे थे। घर के रास्ते पर बीचो-बीच एक कार खड़ी थी। काफी देर हार्न बजाने के बाद आरोपित मनोज यादव बाहर निकला और विवाद करने लगा। विरोध किया तो गालियां देने लगा। बात खत्म हो गई।

आरोप है कि करीब 20-25 मिनट बाद मनोज यादव साथियों संग उद्यमी के घर जा धमका। मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। तुरंत ही मनु ढीगड़ा थाने पहुंचे। कैंट इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह को आपबीती सुनाई जिसके बाद मनोज यादव व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इधर, मनोज यादव ने मनु ढीगड़ा पर आरोप लगाकर मामले में चौकी चौराहा पुलिस को उनके खिलाफ तहरीर दी है।

कैंट पुलिस से भी की अभद्रता 

मनोज यादव पर आरोप है कि जब कैंट पुलिस घटना के बाद मौके पर पहुंची तो सिपाहियों से अभद्रता की। विवाद बढ़ने की सूचना मिली तो इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह खुद मौके पर पहुंचे। हालांकि इंस्पेक्टर के पहुंचने से पहले ही आरोपित मौके से निकल भागे।

chat bot
आपका साथी