Bareilly Translocate News : बरेली में दिल्ली की संस्था ने किया पेड़ों का सर्वे, ट्रासलाेकेट हाेंगे आठ साै पेड़
डोहरा रोड के चौड़ीकरण से पहले सभी पेड़ों को ट्रांसलोकेट किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली की एक संस्था ने पेड़ों का सर्वे कर लिया है। जल्द पेड़ ट्रांसलोकेट किए जाने का काम शुरू होगा। पेड़ों के शिफ्ट करने के बाद बरेली विकास प्राधिकरण वहां फोरलेन का निर्माण कराएगा।
बरेली, जेएनएन। डोहरा रोड के चौड़ीकरण से पहले सभी पेड़ों को ट्रांसलोकेट किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली की एक संस्था ने पेड़ों का सर्वे कर लिया है। जल्द पेड़ ट्रांसलोकेट किए जाने का काम शुरू होगा। पेड़ों के शिफ्ट करने के बाद बरेली विकास प्राधिकरण वहां फोरलेन का निर्माण कराएगा।
बरेली विकास प्राधिकरण अपनी रामगंगा नगर आवासीय योजना की मुख्य सड़क डोहरा रोड को फोरलेन करने की तैयारी कर चुका है। मौजूदा समय में सड़क सिंगिल लेन है। नकटिया नदी के पुल से लेकर रामगंगा आवासीय कालोनी होते हुए सड़क बड़ा बाइपास तक है। इस मार्ग के किनारे वर्षों पुराने करीब आठ सौ पेड़ हैं। इस कारण पेड़ों को वहां से शिफ्ट किया जाना है। बीते दिनों वन विभाग ने अचानक करीब दर्जन भर पेड़ों को काट दिया। इस पर जागरण ने प्रमुखता से मामला उठाया।
तब बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने पेड़ों का कटान रोका और उन्हें ट्रांसलोकेट कराने के निर्देश दिए। पेड़ों को वहां से करीब 25 किलोमीटर दूर मंझा गांव में ट्रांसलोकेट कराने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही बीडीए इंजीनियरों ने दिल्ली की नार्थन नर्सरी संस्था से संपर्क साधा। दिल्ली की संस्था के मालिक शीतला प्रसाद ने शहर पहुंचकर पेड़ों का सर्वे पूरा कर लिया है। उनकी टीम भी शहर पहुंच गई है।
पेड़ों को ट्रांसलोकेट करने वाले स्थान पर भी जाएंगे। इसके बाद पेड़ों को शिफ्ट किया जाएगा। बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि पेड़ों को ट्रांसलोकेट करने की तैयारी की गई है। जल्द पेड़ों को मंझा गांव में ट्रांसलोकेट कराया जाएगा। इसके बाद सड़क का चौड़ीकरण होगा।