Bareilly Smart City : ये कैसी स्मार्ट सिटी...हर गली, हर सड़क पर जाम
Bareilly Smart City नाम स्मार्ट सिटी लेकिन यातायात व्यवस्था ऐसी कि दस मिनट की दूरी तय करने में घंटों का समय लग जाए। जाम की बढ़ती दुश्वारी का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि मंगलवार को शहर की हर गली हर सड़क पर लोग जाम से जूझे।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Smart City : नाम स्मार्ट सिटी लेकिन, यातायात व्यवस्था ऐसी कि दस मिनट की दूरी तय करने में घंटों का समय लग जाए। जाम की बढ़ती दुश्वारी का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि मंगलवार को शहर की हर गली, हर सड़क पर लोग जाम से जूझे। मुख्य मार्गों पर जाम के चलते संपर्क मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। इस दौरान वाहन चालकों में नोंक-झोंक भी देखने को मिली।
चौपुला पुल, सिटी श्मसान भूमि से दूल्हे मियां की मजार तक लंबा जाम लगा रहा। यहां रास्ता वन वे होने के चलते राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। बारिश के बाद सड़कों के गड्डों में पानी भर गया। इससे अनजान कई वाहन चालकों की गाड़ियां पलटते-पलटते बचीं। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। इस मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। इधर, पटेल चौक, सैटेलाइट, श्यामगंज से ईंट पजाया चौराहे पर भी लोग जाम में जूझते नजर आए।
श्यामगंज में जाम के चलते लोगों ने निकलने के लिए आस-पास की गलियों का सहारा लिया लेकिन, यह दिक्कतें और बढ़ गई। स्थिति यह रही कि लोगों को पैदल चलने के लिए भी रास्ता नहीं मिल रहा था। वाहन रेंग-रेंग कर बढ़ते नजर आए। ट्रैफिककर्मी जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करते दिखे लेेकिन, उसका कोई नतीजा नहीं निकला।