अधिवक्ता संजय सिंह के हत्यारे ढूंढती रही बरेली पुलिस, मुदित ने बदायूं कोर्ट में कर दिया सरेंडर

Advocate Sanjay Singh Murder Case Update बरेली के गांव अतरछेड़ी के अधिवक्ता संजय प्रताप सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपित उनके सगे भाई सपा नेता मुदित प्रताप सिंह को बरेली पुलिस ढूंढती रही इधर उसने धोखाधड़ी के छह साल पुराने मुकदमे में बदायूं कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 10:59 AM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 10:59 AM (IST)
अधिवक्ता संजय सिंह के हत्यारे ढूंढती रही बरेली पुलिस, मुदित ने बदायूं कोर्ट में कर दिया सरेंडर
अधिवक्ता संजय सिंह के हत्यारे ढूंढती रही बरेली पुलिस, मुदित ने बदायूं कोर्ट में कर दिया सरेंडर

बरेली, जेएनएन। Advocate Sanjay Singh Murder Case Update: बरेली के गांव अतरछेड़ी के अधिवक्ता संजय प्रताप सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपित उनके सगे भाई सपा नेता मुदित प्रताप सिंह को बरेली पुलिस ढूंढती रही, इधर तय तैयारी के तहत उसने धोखाधड़ी के छह साल पुराने मुकदमे में बदायूं कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उसके सरेंडर की जानकारी के बाद बरेली पुलिस हरकत में आई हैं। बिशारतगंज पुलिस ने रिमांड पर लेने के लिए उसके खिलाफ कोर्ट में वारंट बी की अर्जी दाखिल की है। हत्याकांड में शामिल मयंक अवस्थी अब भी फरार है।

14 सितंबर की शाम को बरेली कचहरी से लौटते समय इफको रेलवे क्रासिंग के पास सड़क दुर्घटना में अधिवक्ता संजय प्रताप सिंह की मौत हो गई थी। मामले में संजय की पत्नी रजनी सिंह ने अपने देवर मुदित प्रताप सिंह व उसके तीन साथियों मयंक अवस्थी, कल्लू उर्फ राजवीर सिंह व उसके बेटे राहुल के खिलाफ संजय सिंह की जीप से कुचलकर हत्या का आरोप लगाया था। चारों के खिलाफ उनकी तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी।

आरोपित कल्लू उर्फ राजवीर सिंह व उसके बेटे राहुल को गिरफ्तार किया गया तो उसने तय तैयारी के तहत ही जीप से कुचलकर संजय सिंह की हत्या की कहानी बताई। दोनों के जेल जाने के बाद से मुदित प्रताप सिंह व मयंक अवस्थी फरार है। गैर जमानती वारंट के बाद दोनों के खिलाफ 82 का नोटिस भी तामील हुआ। घर पर मुनादी कराई गई, नोटिस चस्पा किया गया। इसी के बाद बरेली पुलिस से बचने के लिए उसने बदायूं कोर्ट में सरेंडर किया।

धोखाधड़ी के जिस मामले में मुदित प्रताप सिंह ने सरेंडर किया, वह मुकदमा भी मृतक संजय सिंह ने ही उनके खिलाफ वर्ष 2015 में लिखवाया था। बदायूं के सिविल लाइंस थाने में दर्ज मुकदमे में संजय सिंह ने मुदित पर आरोप लगाया था कि मकान मालिक की मिलीभगत से फर्जी पते पर अवैध रूप से मुदित ने शस्त्र लाइसेंस बनाया। मामले में मुदित जमानत पर चल रहे थे। इधर, शिकंजा कसने के बाद जमानत तुड़वाकर उसने सरेंडर कर दिया।

वर्जन

मुदित ने बदायूं कोर्ट में सरेंडर किया है। उसे रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में वारंट बी की अर्जी लगाई गई है। उसे रिमांड पर लेकर हत्या में प्रयुक्त की गई जीप भी बरामद की जाएगी।

- विजय कुमार, इंस्पेक्टर, बिशारतगंज

chat bot
आपका साथी