ढाई घंटे की बारिश में बरेली नगर निगम के डेढ़ करोड़ रुपये नालों में बहे, जानिये कैसे

Bareilly Municipal Corporation News सिर्फ ढाई घंटे की मूसलाधार बारिश में नगर निगम की नाला सफाई के दावों की पोल खुल गई। जलभराव ऐसा हुआ कि शहर के बड़े-छोटे 223 नालों को साफ करने के लिए डेढ़ करोड़ बहते हुए नजर आए।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 09:33 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 09:33 AM (IST)
ढाई घंटे की बारिश में बरेली नगर निगम के डेढ़ करोड़ रुपये नालों में बहे, जानिये कैसे
पॉश इलाकों से लेकर मुहल्लोें में घरों के अंदर घंटों जलभराव, गाड़ियां फंसी लोग हाेते रहे परेशान।

बरेली, जेएनएन। Bareilly Municipal Corporation News : सिर्फ ढाई घंटे की मूसलाधार बारिश में नगर निगम की नाला सफाई के दावों की पोल खुल गई। जलभराव ऐसा हुआ कि शहर के बड़े-छोटे 223 नालों को साफ करने के लिए डेढ़ करोड़ बहते हुए नजर आए। पॉश इलाकों से लेकर पुराने शहर के मुहल्लों में घरों के अंदर पानी भर गया। बारिश के पानी से घरों में रखा सामान खराब हो गया। सड़कों पर हुए जलभराव में लोगों की गाड़ियां फंस गईं। लोग शाम तक कई इलाकों में पानी पूरी तरह से निकल नहीं सका। नगर निगम के अधिकारियों का दावा रहा कि जलनिकासी रिकार्ड टाइम में हुई, हालांकि शहर के जलभराव से जूझते इलाके में कुछ और ही तस्वीर नजर आई। लोग कहने लगे कि प्री मानसून की बारिश में शहर पानी-पानी हो गया। फिर मानसून की बारिश में क्या हाल होंगे।

संजयनगर में गाड़ियां फंसी, घुटनों तक भरा पानी : बारिश होने के बाद संजयनगर की सड़कों पर घुटनों तक पानी भरा। लोगों की गाड़ियां फंसी, लोग पानी में बाइक खींचते हुए नजर आए। बच्चे इसी पानी में खेल रहे थे। लेकिन हादसे की आशंका में लाेग उन्हें हटाते रहे। दोपहर बाद तक यहां जलभराव रहा।

उदयपुर खास में घरों के बाहर-अंदर पानी ही पानी : डेलापीर के पास उदयपुर खास लो लाइन एरिया नहीं है। लेकिन यहां जलभराव जबरदस्त हुआ। बाल्टी लेकर लोग घरों के अंदर घुस चुके पानी को निकालते नजर आए। कालीबाड़ी, संजयनगर, हजियापुर में लोगों के घरों के अंदर पानी दाखिल होने से सामान खराब हुआ। सुभाषनगर पुलिया पर भी जलभराव रहा।

स्टेडियम रोड दिनभर रही वनवे : ट्यूलिप टॉवर के सामने जलभराव होने के बाद लोगों ने एक साइट की रोड पर सीढ़ी लगा दी। लेकिन शाम तक पानी नहीं निकलने की वजह से सीढ़ी हटा ली। फिर भी जलभराव की वजह से एक साइड की रोड पर ही ट्रैफिक चला। यहां भी लाेगों की गाड़ियां फंस गई।

बरेली के नगर आयुक्त से सवाल जवाब 

सवाल : नाला सफाई के लिए कितनी लागत का टेंडर हुआ था।

जवाब : शहर के 223 नालों की सफाई के लिए डेढ़ करोड़ का टेंडर हुआ था। लेकिन अभी भुगतान नहीं हुआ।

सवाल : जलभराव होने के बाद नाला सफाई पर सवाल उठ रहे है। आगे क्या योजना है?

जवाब : लो लाइन एरिया जैसे संजयनगर, हजियापुर में सम्पवेल सात दिन में शुरू हो जाएगा। इसकी वजह से संजयनगर पर जलभराव का दबाव कम होगा।

सवाल : नाला सफाई को लेकर आगे क्या तैयारी है?

जवाब : अभी सात दिन की और सफाई होनी बाकी है। आप देखिए कि पानी भरा, लेकिन कितनी तेजी से निकल भी गया। लो लाइन एरिया में भी बहुत ज्यादा देर पानी नहीं भरा।

सवाल : क्या नाला सफाई की फर्म का भुगतान रोका भी जा सकता है?

जवाब : मुख्य सफाई अधिकारी, क्षेत्रीय पार्षद, संबंधित जेई की समिति मौका मुआयना करती है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर भुगतान होता है।

chat bot
आपका साथी