कोरोना संक्रमित शवों का बरेली नगर निगम निश्शुल्क कराएगा अंतिम संस्कार, सामग्री भी अपने पास से देगा निगम, जानिये कैसे करना होगा आवेदन
कोरोना काल में मृत्यु का आंकड़ा तेजी से बढ़ने के कारण श्मशान पर भी अव्यवस्था हो गई है। तमाम मृतकों के अंतिम संस्कार स्वास्थ्य महकमा करवा रहा है। अंतिम संस्कार के सामान पर भी रेट अधिक लिए जा रहे हैं। ऐसे में नगर निगम ने नई पहल शुरू की है।
बरेली, जेएनएन। कोरोना काल में मृत्यु का आंकड़ा तेजी से बढ़ने के कारण श्मशान घाटों पर भी अव्यवस्था हो गई है। तमाम मृतकों के अंतिम संस्कार स्वास्थ्य महकमा करवा रहा है। अंतिम संस्कार के सामान पर भी रेट अधिक लिए जा रहे हैं। ऐसे में नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। अब शवों के निश्शुल्क अंतिम संस्कार कराने के लिए स्वजनों को आवेदन करना होगा। इससे दलालों पर लगाम लगेगी।
इन दिनों सिटी श्मशान भूमि, संजय नगर श्मशान भूमि और गुलाबबाड़ी श्मशान भूमि समेत अन्य जगह व्यवस्थाएं बिगड़ गई हैं। इन जगहों के लिए अब नगर निगम ने नई व्यवस्था शुरू की है। इन श्मशान घाटों में आने वाले शवों का दाह संस्कार के लिए नगर निगम सामग्री भी उपलब्ध कराएगा। नगर निगम इन तीनों श्मशान घाट पर कोविड संक्रमित शवों के लिए निश्शुल्क लकड़ी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए एक फार्म भरना अनिवार्य होगा।
अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि इस व्यवस्था को संभालने के लिए पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी है। इनका काम यह रहेगा कि नामित अधिकारी के जरिए से आने वाले आवेदनों का परीक्षण कर लेखा विभाग को रिपोर्ट भेजेंगे। लेखाधिकारी श्मशान घाटों से मिलने वाले आवेदन, रसीदों की नामित अधिकारियों की संस्तुति मिलने के बाद भुगतान करेंगे।
नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि शहर के तीन श्मशान घाटों पर कोरोना संक्रमण से होने वाली मृत्यु वाले शवों के अंतिम संस्कार के लिए नगर निगम लकड़ी की व्यवस्था करेगा। अब तक वहां लकड़ी के नाम पर दलाल लोगों से वसूली कर रहे थे। आवेदन करने वालों को नगर निगम द्वारा निश्शुल्क लकड़ी उपलब्ध कराई जाएगी।
आवेदन के लिए मरने वाले की ये डिटेल जरूरी
- नाम
- उम्र
- लिंग
- मृत्यु दिनांक
- मृत्यु का कारण
- किस अस्पताल में मृत्यु हुई