बरेली नगर निगम 15 जून तक साफ करेगा शहर के छोटे नाले, जानिये बड़े नालों की सफाई कौन करेगा
इस साल मानसून समय पर आने के पूर्वानुमान के साथ ही नगर निगम ने शहर को जलभराव से बचाने की कवायद शुरू कर दी है। निगम ने शहर में नालों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। सभी नाले 15 जून तक साफ कराए जाने का लक्ष्य रखा है।
बरेली, जेएनएन। इस साल मानसून समय पर आने के पूर्वानुमान के साथ ही नगर निगम ने शहर को जलभराव से बचाने की कवायद शुरू कर दी है। निगम ने शहर में नालों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। सभी छोटे-बड़े नाले 15 जून तक साफ कराए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
शहर के छोटे-बड़े करीब दो सौ नाले हैं, जिनकी नगर निगम हर साल बरसात से पहले सफाई कराता है। इस बार भी मानसून आने से पहले नालों की तली-झाड़ सफाई कराई जानी है, ताकि बरसात में शहर में जलभराव न हो। इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों ने खाका तैयार कर लिया है। शहर में छोटे नालों की सफाई का काम शुरू करवा दिया है।
सभी वार्डों में सफाई निरीक्षक की देखरेख में नालों की सफाई शुरू हो चुकी है। वार्डों में अतिरिक्त लेबर लगाकर नाले साफ कराए जा रहे हैं। बड़े नालों को ठेके पर साफ कराया जाएगा, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी नालों की सफाई का वार्डों में पहुंचकर निरीक्षण कर रहे हैं। नालों की सफाई के साथ ही उनकी सिल्ट सड़क किनारे फेंकी जा रही है।
इसे उठाने के लिए स्थानीय लोग अधिकारियों को फोन कर रहे हैं। ऐसे में अधिकारियों का कहना है कि सिल्ट सूखने के बाद डंपिंग ग्राउंड में फेंकी जाएगी। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि इस बार मानसून समय पर आने की उम्मीद है। इस कारण 15 जून तक सभी नालों की सफाई पूरी करा दी जाएगी। फिलहाल छोटे नालों की करीब 30 फीसद सफाई करा दी गई है। बरसात से पहले सभी नालों की तली-झाड़ सफाई करा दी जाएगी।