Badaun Murder : बदायूं में पांच बच्चों की मां की हत्या कर जलाया शव, पति सहित आठ के खिलाफ मुकदमा

Badaun Murder थाना क्षेत्र के गांव नौगवां नसीर नगर में रविवार रात पांच बच्चों की मां को उसके ही पति व अन्य ससुरालीजनों ने पीट पीटकर मार डाला। इसके बाद सुबूत मिटाने की नियत से विवाहिता का शव भी जला दिया।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 04:49 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 04:49 PM (IST)
Badaun Murder : बदायूं में पांच बच्चों की मां की हत्या कर जलाया शव, पति सहित आठ के खिलाफ मुकदमा
Badaun Murder : बदायूं में पांच बच्चों की मां की हत्या कर जलाया शव

बरेली, जेएनएन। Badaun Murder : थाना क्षेत्र के गांव नौगवां नसीर नगर में रविवार रात पांच बच्चों की मां को उसके ही पति व अन्य ससुरालीजनों ने पीट पीटकर मार डाला। इसके बाद सुबूत मिटाने की नियत से विवाहिता का शव भी जला दिया। मामले की जानकारी मिलने पर जब मायके पक्ष के लोग पहुंचे तो आरोपित फरार मिले। घर की हालत भी अस्त व्यस्त नजर आ रही थी। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या व सुबूत मिटाने का मुकदमा दर्ज किया है।

थाना हजरतपुर के गांव दियोचरी निवासी सत्यपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी गीता का विवाह 15 वर्ष पूर्व उसहैत थाना क्षेत्र के गांव नौगवां नसीर नगर निवासी रामनिवास के पुत्र महेंद्र के साथ किया था। शादी में क्षमतानुसार दान दहेज भी दिया था। इसके बाद भी ससुरालीजन बेटी को शादी के बाद से ही परेशान करते थे। आए दिन उसके साथ गाली गलौज व मारपीट की जाती। इस बाबत कई बार समझौता भी कराया गया।

बेटी गीता के पति महेंद्र को बुलाकर रिश्तेदारों के बीच समझाया भी गया। लेकिन इसके बाद भी वह लोग नहीं माने।सत्यपाल ने बताया कि 12 सितंबर रविवार की रात पति महेंद्र सिंह ने उसके साथ मारपीट की। विरोध करने पर ससुर रामनिवास, देवर अमीर सिंह, विनय, अनुज, विकास, ननद नीरज और देवरानी नीतू ने भी उसे बेरहमी से पीट पीटकर मार डाला। इसके बाद सभी ने मिलकर सुबूत मिटाने के लिए उसके शव को जला दिया।

किसी तरह इसकी सूचना सोमवार की सुबह उन्हें मिली तो वह अपने स्वजन के साथ नौगवां नसीर नगर पहुंचे। जहां बेटी गीता के ससुराल में कोई नहीं मिला। घर की हालत अस्त व्यस्त देख घटना का अंदाजा हुआ। सत्यपाल ने पति महेंद्र सिंह, ससुर रामनिवास, देवर अमीर सिंह, विनय, अनुज, विकास, ननद नीरज और देवरानी नीतू के खिलाफ हत्या करने व सुबूत मिटाने की तहरीर दी है। जिस पर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर, जांच शुरू कर दी है।

वर्जन

विवाहिता की पीटपीटकर हत्या किए जाने की तहरीर पिता ने दी है। तहरीर के आधार पर जांच की गई तो आरोपित फरार मिले। तहरीर के आधार पर हत्या व सुबूत मिटाने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। - चेतराम, प्रभारी निरीक्षक थाना उसहैत

chat bot
आपका साथी