Badaun Mishap : बदायूं में बाइक की चेन में दुपट्टा फंसने से महिला की दर्दनाक मौत, गणेश प्रतिमा विसर्जन कर घर लौटते समय हुआ हादसा

Badaun Mishap बदायूं के उझानी में पेट्रोल पंप के सामने पति के साथ बाइक पर जा रही एक महिला का दुपट्टा बाइक में फंस गया। बाइक में फंसा दुपट्टा गले में कसता गया जिससे महिला सड़क पर गिर पड़ी।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 11:38 AM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 11:38 AM (IST)
Badaun Mishap : बदायूं में बाइक की चेन में दुपट्टा फंसने से महिला की दर्दनाक मौत, गणेश प्रतिमा विसर्जन कर घर लौटते समय हुआ हादसा
Badaun Mishap : बदायूं में बाइक की चेन में दुपट्टा फंसने से महिला की दर्दनाक मौत

बरेली, जेएनएन। Badaun Mishap : बदायूं के उझानी में पेट्रोल पंप के सामने पति के साथ बाइक पर जा रही एक महिला का दुपट्टा बाइक में फंस गया। बाइक में फंसा दुपट्टा गले में कसता गया, जिससे महिला सड़क पर गिर पड़ी। पति ने जब तक गले में कसा दुपट्टा हटाया तब तक महिला की हालत बिगड़ चुकी थी, उसने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। सूचना पर स्वजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव घर ले गए। देर शाम महिला का अंतिम संस्कार किया गया।

कछला घाट पर गणेश प्रतिमा विसर्जन कर लाैट रहे थे घर  

शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला पटियाली सराय निवासी रुचि जौहरी अपने पति दीपक जौहरी के साथ गुरुवार को बाइक पर गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने कछला घाट गईं थीं। गणेश प्रतिमा कछला घाट में विसर्जित करने के बाद वह दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान उझानी-बदायूं रोड पर पेट्रोल पंप के सामने रुचि का दुपट्टा अचानक बाइक के पिछले पहिए में फंस गया। दुपट्टा बाइक में फंसने के चलते गले में कस गया।

जब तक पति कुछ समझ पाता, तब तक काफी देर हाे चुकी थी 

कुछ ही देर में रुचि बाइक से गिर पड़ीं, जब तक पति दीपक कुछ समझते तब तक रुचि की हालत बिगड़ चुकी थी। दीपक ने आनन फानन रुचि के गले से दुपट्टा निकाला। वह रुचि को अस्पताल लेकर जाते इससे पहले रुचि ने दम तोड़ दिया। हादसा देख आसपास के लोग एकत्र हो गए। दीपक ने मौके से ही रुचि के मायके पक्ष और अपने घर वालों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे स्वजन रुचि के शव को घर ले आए। कासगंज के गंजडुंडवारा निवासी रुचि के मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने पर घर में कोहराम मच गया। देर शाम रुचि के शव का अंतिम संस्कार किया गया। 

chat bot
आपका साथी