इंसाफ का इंतजार : पॉक्सो एक्ट के 1482 केसों में चल रहा ट्रायल Bareilly News

14 साल पुराने कुछ मामलों में अब तक सुनवाई चल रही। हर माह औसतन 20-22 मामले कोर्ट पहुंच रहे हैं। करीब 10-12 केस में फैसला सुनाया जा रहा है।

By Abhishek PandeyEdited By: Publish:Sat, 07 Dec 2019 08:53 AM (IST) Updated:Sat, 07 Dec 2019 01:54 PM (IST)
इंसाफ का इंतजार : पॉक्सो एक्ट के 1482 केसों में चल रहा ट्रायल Bareilly News
इंसाफ का इंतजार : पॉक्सो एक्ट के 1482 केसों में चल रहा ट्रायल Bareilly News

जेएनएन, बरेली : स्पेशल पॉक्सो एक्ट कोर्ट ने दो साल की बच्ची से दरिंदगी करने वाले सीबीगंज के यादराम को 21 दिन की सुनवाई में उम्र कैद की सजा सुनाई थी। प्रदेश में कम समय में फैसले की यह एक नजीर है लेकिन, तस्वीर का दूसरा पहलू यह भी है कि 14 साल पुराने कुछ मामलों में अब तक सुनवाई चल रही। हर माह औसतन 20-22 मामले कोर्ट पहुंच रहे हैं। करीब 10-12 केस में फैसला सुनाया जा रहा है।

इसी साल 10 अक्टूबर को सीबीगंज क्षेत्र में वारदात हुई थी। दो साल की बच्ची को यादराम अपने घर उठाकर ले गया, दुष्कर्म किया था। उसी दिन गिरफ्तारी हुई, एक सप्ताह में चार्जशीट लगी और महज 21 दिन में आरोपित को स्पेशल पॉक्सो एक्ट कोर्ट ने उम्र कैद की सजा सुना दी। बावजूद इसके कोर्ट में पॉक्सो एक्ट के तहत ही दर्ज हुए 1482 केस का ट्रायल चल रहा है।

2015 में स्थापित फास्ट ट्रैक कोर्ट में भी करीब 450 ट्रायल विचाराधीन हैं। यहां 2013 तक और इससे पुराने कुछ केस 2005 के भी हैं। इन केस में कुछ हाईकोर्ट भी ले जाए गए हैं। प्रति माह की बात करें तो कोर्ट में 20 से ज्यादा दुष्कर्म के मामले पहुंचते हैं। फैसले हर माह में 10-12 ही सुनाए जाते हैं। जमानत के लिए 249 मामलों में अर्जी दाखिल की गई हैं, जिनमें 99 निरस्त और 40 मंजूर हुई हैं। प्रतिदिन की बात करें तो 10 जमानत अर्जी पर सुनवाई होती है। हालांकि कोर्ट का रुख जल्द सुनवाई पूरी करने को लेकर सख्त हुआ है, फिर भी गवाही इत्यादि में समय लग रहा है।

महिलाएं बोलीं - बेटी को मिला इंसाफ, रुकें अपराध

जासं, बरेली : हैदराबाद हत्याकांड में दोषियों के पर हुई कार्रवाई पर सबसे ज्यादा महिलाओं ने संतोष व्यक्त किया। उड़ान एक प्रयास संस्था की अध्यक्ष नीलिमा पाठक ने कहा कि न्याय की मांग उठाना स्वभाविक है। अब बेटी को इंसाफ मिला है। अपराध के बाद जल्द सजा का प्रावधान होना चाहिए जिससे जघन्य अपराधों की रोकथाम हो सके।

मानव सेवा क्लब ने शुक्रवार को बिहारीपुर कहरवान में बैठक की। सुरेंद्र बीनू सिन्हा और इंद्रदेव त्रिवेदी ने अन्य मामलों के दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। राष्ट्रीय पैगामे अमन कौंसिल के अध्यक्ष राशिद अली चमन ने बेटियों की रक्षा और सशक्तिकरण के लिए लोगों को प्रेरित किया। पैगाम इमाम हुसैन सामाजिक संस्था के अध्यक्ष हकीम आदि हुसैन ने महिलाओं पर हो रहे अपराधों की निंदा की।

chat bot
आपका साथी