दो दिन का लॉकडाउन बढ़ा तो बरेली की गली मुहल्लों के दुकादारों ने बढ़ाए जरूरी सामानों के रेट, देखें बढ़े सामानों की रेट लिस्ट

कोरोना संक्रमण की चेेन तोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने तीन दिनों के लॉकडाउन को इस बार दो दिन के लिए और बढ़ा दिया। लॉकाडाउन दो दिन का और बढ़ा तो शहर के गली मुहल्लों के दुकानदारों ने खाद्य पदार्थों पर महंगाई भी बढ़ा दी।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 10:30 AM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 10:30 AM (IST)
दो दिन का लॉकडाउन बढ़ा तो बरेली की गली मुहल्लों के दुकादारों ने बढ़ाए जरूरी सामानों के रेट, देखें बढ़े सामानों की रेट लिस्ट
थोक बाजारों में स्थिति सामान्य, सप्लाई चेेन पूरी तरह सुचारु, खपत भी पहले से कम।

बरेली, जेएनएन। कोरोना संक्रमण की चेेन तोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने तीन दिनों के लॉकडाउन को इस बार दो दिन के लिए और बढ़ा दिया। लॉकाडाउन दो दिन का और बढ़ा तो शहर के गली मुहल्लों के दुकानदारों ने खाद्य पदार्थों पर महंगाई भी बढ़ा दी। वह थोक बाजार में महंगाई बढ़ने की बात कहकर ग्राहकों को हर सामान पर दो रुपये से पांच रुपये बढ़ाकर बेच रहे हैं। जबकि शहर के थोक बाजार में स्थिति एकदम सामान्य है। सप्लाई चेेन भी सुचारू और खपत पहले से कम है।

संक्रमण रोकने के उद्देश्य से बीते शुक्रवार रात से शहर के बाजार बंद हैं। यह बंदी मंगलवार सुबह सात बजे तक रहनी थी। लेकिन सोमवार को प्रदेश सरकार ने इसे बढ़ाकर गुरुवार सुबह सात बजे तक के लिए बढ़ा दिया।इसके चलते शहर के ज्यादातर बड़े बाजार बंद है। ऐसे में शहर के सुभाष नगर, चक नवादा, शहदाना, सैलानी, सूफीटोला, काकरटोला, हजिरयापुर, मढ़ीनाथ, किला, साहूकारा, मलूकपुर, कटघर, बाकरगंज आदि मुहल्लों में खुल रहीं किराना और परचून की दुकानों पर महंगाई का असर दिखाई देने लगा है। यहां के दुकानदार चीनी से लेकर दाल तक सब महंगी बेच रहे हैं। इस पर जब लोगों ने थोक दुकानदारों सें फोन कर दाम बढ़ने की जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि कोई दाम नहीं बढ़े हैं। इस पर दुकानदारों और ग्राहकों के बीच कहासुनी भी हुई है।

मुहल्ले की दुकानदार से बातचीत

संवाददाता : चीनी क्या हिसाब है।

दुकानदार : 40 रुपये किलो है।

संवाददाता : अरे एक दिन में ही दो रुपये बढ़ गए।

दुकानदार : बाजार में भी तो एक रुपये बढ़ गया है।

संवाददाता : बाजार में तो 36.40 रुपये किलो ही है। कहां बढ़े दाम अभी हाल बताया।

दुकानदार : ऐसा करो आप बाजार चले जाओ वहीं से ले आओ। अगर मिल जाए तो बताना।

थोक दुकानदारों की बात

बाजार में किसी भी खाद्य पदार्थ के दाम नहीं बढ़े हैं। कुछ लोगों ने फोन कर जानकारी दी है, कि मुहल्लों में महंगे दाम पर सामान बेंचे जा रहे हैं। - संजय आहुजा, किराना कारोबारी

बाजार में सप्लाई चैन एकदम दुरुस्त है। किसी भी सामान के दाम में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है।गली मुहल्लों में अगर सामान महंगा बेचा जा रहा है तो यह गलत है। लोगों की मदद के समय महंगाई बढ़ाना गलत है। - गुलशन सब्बरवाल, अध्यक्ष किराना एसोसिएशन

बाजार बंद है, थोक व्यापारी दुकान नहीं खोल रहे हैं। ऐसे में गली मुहल्ले के दुकानदारों ने इस आपदा के समय को अवसर में बदल लिया है। यह गलत है, दुकानदार मनचाहे दाम लगा रहे हैं, ऐसी जानकारी मिली है। - जितेंद्र आहुजा, किराना व्यापारी

हमारी दुकान बराबर खुल रही है अगर किसी को कहीं महंगा मिल रहा है तो यहां आकर ले सकते हैं। सरकार ने भी जरूरी सामान की दुकानें खोलने की अनुमति दी है। मुहल्लों में महंगा सामान बेच कर लोगों की परेशानी बढ़ाना गलत है। - जसविंदर कुमार, किराना व्यापारी

व्यापार मंडल जारी करेगा नंबर

उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को शहर के कई लोगों ने फोन कर गली मुहल्लों में महंगा सामान बेंचने की सूचना दी है। इस संबध में जिलाधिकारी और खाद्य आयुक्त से बात की जाएगी। साथ ही शहर के थोक दुकानदारों के नंबर भी जारी किए जाएंगे, जिससे लोगों को सही दाम की जानकारी हो और वह कालाबाजारी के चक्कर में न फंसें।

खाद्य पदार्थों के दाम में अंतर

सामान          थोक          मुहल्लों की दुकानों पर

चीनी          36.40            40-42

अरहर दाल   100             112-115

उरद दाल    104             110-112

चना दाल     75              80-85

मसूर          90             103-105

सरसों तेल   161           170-175

रिफाइंड     155           160-165

chat bot
आपका साथी