बरेली के सुभाष नगर में ओवरब्रिज के लिए 90 करोड़ मंजूर

बरेली, जेएनएन: स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के विकास के साथ ही यहां लोगों को बेहतर माहौल देने और मन

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 04:20 AM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 04:20 AM (IST)
बरेली के सुभाष नगर में ओवरब्रिज के लिए 90 करोड़ मंजूर
बरेली के सुभाष नगर में ओवरब्रिज के लिए 90 करोड़ मंजूर

बरेली, जेएनएन: स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के विकास के साथ ही यहां लोगों को बेहतर माहौल देने और मनोरंजन की भी व्यवस्था की जा रही है। कमिश्नर आर. रमेश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को हुई स्मार्ट सिटी कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। सुभाषनगर नगर ओवरब्रिज के लिए 90 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई। वहीं तीन प्रमुख इमारतों पर फसाड लाइटिग व पार्कों में मनोरंजन के साधन विकसित करने का फैसला लिया गया।

बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी के चेयरमैन आर रमेश कुमार ने कहा कि शहर में जहां भी स्मार्ट सिटी के कार्य चल रहे हैं, वहां पर एक बोर्ड लगाया जाए। उस पर कार्य का विवरण अंकित होना चाहिए कि कार्य कब पूरा होगा, कब शुरु हुआ, कौन ठेकेदार करा रहा है। इससे वहां के लोगों का काम होने की जानकारी रहेगी। निदेशक मंडल के सामने सुभाषनगर पुलिया पर ओवरब्रिज का प्रस्ताव रखा गया। बोर्ड की सहमति के बाद ओवरब्रिज निर्माण के लिए 90 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी गई। इसके साथ ही कुतुबखाना ओवरब्रिज के प्रस्ताव पर भी बोर्ड में चर्चा हुई। उस पर जनप्रतिनिधियों से राय मशविरा करने के साथ ही एक बार फिर पुल की फिजिबिलिटी चेक करने पर सहमति बनी। निदेशक मंडल ने पटेल चौक पर स्काई वॉक के निर्माण को दस करोड़ रुपये की मंजूरी दी। वहां करीब तीन मीटर ऊंचा एलीवेटेड रूट बनाया जाएगा। चेयरमैन ने स्मार्ट सिटी के कामों की गति बढ़ाकर जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। डीएम नितीश कुमार ने कहा कि इन कार्यों की गुणवत्ता का प्रत्येक स्तर पर निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया जाएगा। कार्यों की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा। बैठक में महापौर डॉ. उमेश गौतम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक आनंद, बीडीए उपाध्यक्ष जोगिदर सिंह, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्याम लता आनंद, वरिष्ठ महाप्रबंधक बीके सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। तीन प्रमुख इमारतों पर लगेगी फसाड लाइट

बोर्ड आफ डायरेक्टर्स ने शहर की तीन प्रमुख इमारतों पर फसाड लाइटिग लगाने का प्रस्ताव भी पास किया। इसमें नगर निगम की बिल्डिग, मैथोडिस्ट चर्च पर और थाना कोतवाली पर फसाड लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात को यह इमारतें काफी खूबसूरत और चमचमाती हुई दिखाई देंगी। इसके लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गांधी पार्क में बनेगी भूल-भुलैया

महापौर की एडवाइजरी कमेटी के प्रस्ताव पर गांधी पार्क में भूल-भुलैया बनाए जाने को बोर्ड ने मुहर लगा दी। करीब 3.06 करोड़ रुपये से गांधी उद्यान में शीशे की भूल-भुलैया बनाई जाएगी। इसके अंदर दाखिल होने वाले को रास्ता तलाशना होगा। इसके साथ ही अक्षर विहार तालाब में फाउंटेन शो स्थापित होगा। वही, सीआइ पार्क, गांधी उद्यान और पंडित जीबी पंत पार्क का आठ करोड़ रुपये से सुंदरीकरण होगा। वहां टनल पाथ-वे बनाए जाएंगे और खूबसूरत लाइटिग की व्यवस्था होगी। हजारों लोगों की वर्षों पुरानी समस्या दूर होने का रास्ता साफ

आजादी के बाद से ही सुभाषनगर की ओर से शहर आने के लिए एकमात्र मार्ग सुभाषनगर की पुलिया है। शहर की आबादी बढ़ी लेकिन पुलिया का आकार नहीं। उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे की लाइन होने के कारण पुलिया काफी बढ़ी है। यहां दिन में भी रात जैसा एहसास होता है। पुलिया के नीचे बह रहा नाला अक्सर उफनने से जलभराव हो जाता है। यहां के लोग लंबे समय से पुलिया पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे हैं। कुछ समय पहले महापौर डा. उमेश गौतम ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत वहां पुल निर्माण कराने के लिए अधिकारियों को पत्र भेजा था। उसके बाद रेलवे, सेतु निगम, स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारियों ने संयुक्त सर्वे किया। तीन महीने पहले रेलवे के अधिकारियों ने अपने हिस्से का प्राथमिक एस्टीमेट बनाया है। इसमें रेलवे के हिस्से पर पुल निर्माण पर 52.88 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया है। इसमें से दो फीसद करीब 81.36 लाख रुपये की मांग विस्तृत एस्टीमेट और पुल का डिजाइन बनाने के लिए की थी। करीब 38 करोड़ सेतु निगम अपने हिस्से के पुल निर्माण पर खर्च करेगा। करीब सात सौ मीटर लंबा पुल होगा, जिसमें 125 मीटर भाग रेलवे का होगा। कुतुबखाना ओवरब्रिज के लिए 136 करोड़ हो चुके हैं मंजूर

स्मार्ट सिटी योजना के तहत कुतुबखाना फ्लाईओवर निर्माण के लिए करीब नौ महीने पहले मंजूरी दी गई थी। इसके निर्माण को करीब 136 करोड़ रुपये स्वीकृत किया गया। यह पुल कोहाड़ापीर पर नैनीताल रोड से उठकर कुतुबखाना चौराहा होते हुए कोतवाली के सामने उतरेगा। करीब 1577 मीटर लंबे इस पुल का डिजाइन सेतु निगम ने तैयार किया है। पुल निर्माण की घोषणा के बाद से ही व्यापारी इसका विरोध रहे हैं। इस कारण यह लंबे समय से लटका हुआ है। बीते दिनों शासन ने इस पर पुनर्विचार करने को कहा था। बुधवार को स्मार्ट सिटी की बैठक में पुल पर जनप्रतिनिधियों की राय लेने का फैसला लिया गया है। वर्जन

स्मार्ट सिटी योजना के निदेशक मंडल की बैठक में कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इसमें सबसे महत्वपूर्ण सुभाषनगर पुलिया, गांधी उद्यान में भूल-भुलैया समेत कई पार्कों के सुंदरीकरण के प्रस्ताव पास किए गए हैं। इससे शहर का विकास होगा और लोगों के मनोरंजन के साधनों में भी वृद्धि होगी।

- डा. उमेश गौतम, महापौर स्मार्ट सिटी में रखे गए तमाम प्रस्तावों पर चर्चा के बाद बोर्ड ने सहमति दी है। सुभाषनगर पुलिया पर पुल के लिए रकम मंजूर हुई है। इसके साथ ही कई अन्य प्रस्तावों को हरी झंडी मिली है। सभी काम जल्द शुरू करवाकर समय पर पूरे कराए जाएंगे।

- अभिषेक आनंद, सीईओ, बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी

chat bot
आपका साथी