बरेली में लॉकडाउन में पैरोल पर छूटे 30 कैदी अब तक नहीं लौटे

कोरोना महामारी के चलते पैरोल पर जिला जेल से छोड़े गए 83 सजायाफ्ता कैदियों में 30 अब तक वापस नहीं लौटे हैं। 26 नवंबर तक कोरोना जांच रिपोर्ट के साथ छूटे सभी कैदियों को जेल में हर हाल में उपस्थित होना था। लेकिन सिर्फ 53 ने उपस्थिति दर्ज कराई।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Sat, 28 Nov 2020 01:59 PM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2020 05:32 PM (IST)
बरेली में लॉकडाउन में पैरोल पर छूटे 30 कैदी अब तक नहीं लौटे
आमद न दर्ज कराने वाले 30 कैदियों को अब पुलिस गिरफ्तार करेगी।

बरेली, जेएनए। कोरोना महामारी के चलते पैरोल पर जिला जेल से छोड़े गए 83 सजायाफ्ता कैदियों में 30 अब तक वापस नहीं लौटे हैं। 26 नवंबर तक कोरोना जांच रिपोर्ट के साथ छूटे सभी कैदियों को जेल में हर हाल में उपस्थित होना था। बावजूद इसके सिर्फ 53 ने ही उपस्थिति दर्ज कराई। लिहाजा, आमद न दर्ज कराने वाले 30 कैदियों को अब पुलिस गिरफ्तार करेगी। जेल प्रशासन ने इस संबंध में थाना पुलिस से संपर्क किया है। कोरोना महामारी के चलते प्रथम चरण में सजायाफ्ता कैदियों को आठ सप्ताह की पैरोल दी गई थी। दो बार पैरोल में वृद्धि भी की गई। पैरोल की अंतिम तिथि 13 नवंबर थी। जेल प्रशासन ने 26 नवंबर तक हर हाल में पैरोल पर छूटे कैदियों को जेल में हाजिर होने के निर्देश दिए थे, बावजूद इसके शुक्रवार तक सिर्फ 53 कैदियों ने ही आमद दर्ज कराई।

एक बंदी कोरोना पॉजिटव

वापस लौटे कैदियों में एक कोरोना पॉजिटिव भी मिला है। जिसे जेल प्रशासन ने आइसोलेट कर दिया है। साथ ही उसके साथ आए दस बंदियों को क्वारंटाइन किया गया है। जिला जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह ने बताया कि 30 कैदियों ने अब तक आमद दर्ज नहीं कराई है। संबंधित थाना पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है। गिरफ्तारी कर इन्हें जेल लाया जाएगा।

कैंट पुलिस ने पकड़े तीन बाइक चोर

बरेली। कैंट पुलिस ने शुक्रवार को तीन बाइक चोरों को चोरी की दो बाइकों के साथ गिरफ्तार किया। तीनों युवकों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार को तीनों जेल भेजे जाएंगे। पकड़े गए युवकों में इमरान एवं गुड्डू नवीनगर और दानिश नकटिया का रहने वाला है। इंस्पेक्टर कैंट धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में करैली के रहने वाले एक युवक की मदद से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कही है। पुलिस ने उसकी तलाश में दबिश दी लेकिन, वह फरार है। चोरी की गईं दोनों बाइकें स्प्लेंडर हैं।आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वह ज्यादातर स्प्लेंडर की बाइकें ही चोरी करते थे। पुलिस आरोपितों का पुराना रिकॉर्ड भी खंगालने में जुटी हुई है।

chat bot
आपका साथी