बारिश से जगह-जगह जलभराव, मेंथा की फसल को नुकसान

सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम जहां सुहाना

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 09:42 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 09:42 PM (IST)
बारिश से जगह-जगह जलभराव, मेंथा की फसल को नुकसान
बारिश से जगह-जगह जलभराव, मेंथा की फसल को नुकसान

बाराबंकी : सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम जहां सुहाना हो गया वहीं जगह-जगह शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश होने से मेंथा की फसल प्रभावित हुई है। इसके अलावा औद्यानिक फसलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।

शहर में सुबह से हो रही बारिश के चलते शहर के पैसार मुख्य मार्ग पर जलभराव हो गया। विजय नगर, खलरिया, नवीगंज मार्ग, बड़ेल, आवास विकास, कोठी डीह में जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आवागमन भी प्रभावित रहा। सुबह से घने बादल छाए रहे। धूप नहीं निकली। कभी रिमझिम बारिश हुई तो कभी तेज बारिश हुई। शाम को तेज बारिश के चलते लोग भीगने को विवश हुए। हालांकि रविवार को बंदी के कारण बाजार में भी बिल्कुल भीड़ नहीं थी। मेंथा की फसल को नुकसान : रामसनेहीघाट : सुबह से हो रही बारिश से एक तरफ जहां किसानों की तैयार मेंथा की फसल खराब हो रही है वहीं दूसरी तरफ भट्ठा व्यवसाय पर भी असर हुआ है। भिटरिया व उसके आसपास रविवार सुबह से बादल घिरे रहे। बारिश के कारण मेंथा की करीब 50 फीसद फसल को नुकसान हुआ है। जरौली के रविन्द्र शुक्ल ने बताया कि छह बीघे मेंथा की फसल काटने योग्य खड़ी है जबकि एक बीघे की फसल कटी हुई खेत में पड़ी है। इतनी बारिश के बाद फसल बचना मुश्किल लग रहा है। भेंदुवा के भगवान यादव ने बताया कि पांच बीघा मेंथा काटने वाली है। खेतों में पानी भर गया है। विलास वर्मा ने बताया कि इस बारिश से सब ईंधन भीग गया है। जरौली के भट्ठा व्यवसाई सुनील पांडेय ने कहा कि बारिश के वजह से बहुत नुकसान हुआ है। प्रधान ने भीगते हुए कराई नाले की सफाई

सिरौलीगौसपुर : बारिश में ग्राम पंचायत के बाशिदों को जलनिकासी की दिक्कत का सामना न करना पड़े। इसके लिए बदोसराय के ग्राम प्रधान निसार मेहंदी ने रविवार को बारिश में भीगते हुए नाले की सफाई कराई। ग्राम प्रधान के इस कार्य की ग्रामीण सराहना भी कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी