महिला किसान मेले में एक हजार महिलाओं को सिखाई खेती-किसानी

राष्ट्रीय आजीविका मिशन की ओर से आयोजित हुआ किसान दिवस का भव्य कार्यक्रमप्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं ने सीखा आत्मनिर्भर बनाने का तरीका

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 11:22 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 11:22 PM (IST)
महिला किसान मेले में एक हजार महिलाओं को सिखाई खेती-किसानी
महिला किसान मेले में एक हजार महिलाओं को सिखाई खेती-किसानी

बाराबंकी : रामनगर के ऑडीटोरियम में शुक्रवार को जिला मिशन प्रबंधन इकाई की ओर से 'महिला किसान दिवस' मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की करीब एक हजार महिला किसानों ने हिस्सा लिया। 20 विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। समूह की महिलाओं ने किसान महिला को सिखाया कि जैविक खाद से अर्गेनिक खेती कर बेहतर मुनाफा कमाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान समूह की कुल 30 दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। रामनगर विधायक शरद अवस्थी ने ऑडीटोरियम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की दीदियों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनियों व मेला का शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार महिलाओं को रोजगार से जोड़ कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही हैं। महिलाएं रोजगार कर अपना व परिवार का खर्च आसानी से चला सकती हैं। महिलाओं को समूह बना कर स्वरोजगार प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। एनआरएलएम के उपायुक्त सुनील तिवारी ने कहा कि समूह के जरिए महिलाओं को सामाजिक आर्थिक विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा रहा है, ताकि वह आत्मनिर्भर हो सकें। जिले में अब तक कुल 9262 समूहों का गठन किया जा चुका है। इसमें से 6535 समूहों को रिवाल्विग फंड भी दिया गया है। अकेले सूरतगंज ब्लाक के कुल 419 समूहों की करीब 46 हजार दीदियों को महिला किसान के रूप में चयनित किया गया था, जो महिलाएं सब्जी उत्पादन, फूल की खेती, प्रेरणा पोषण वाटिका, बैकयार्ड किचन गार्डन, बोरी बगीचा, बटन मशरूम की खेती कर बेहतरीन मुनाफा कमा रही हैं। इसके अलावा श्रीविधि से धान व एसडब्लूआई से गेहूं भी उगा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक शरद अवस्थी व उपायुक्त सुनील तिवारी ने समूह की 30 महिलाओं को मेडल पहनाकर प्रशस्ति पत्र भी दिया। इस मौके पर एसडीएम राजीव शुक्ला, बीडीओ सूरतगंज विजय यादव, बीडीओ रामनगर कमलेश शुक्ला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आशीष सिंह, जिला मिशन मैनेजर जाकिया युसूफ, लक्ष्मी वर्मा, किशन रावत, एडीओ आईएसवी अमर सिंह, संदीप कुमार, मोनू श्रीवास्तव, रमाकांत दीक्षित आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी