मेरा मुर्शिद खेले होली' पर सराहा गया सौंदर्या का कथक

सौंदर्या ने पेश किया कथक

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Oct 2019 12:19 AM (IST) Updated:Sat, 19 Oct 2019 06:08 AM (IST)
मेरा मुर्शिद खेले होली' पर सराहा गया सौंदर्या का कथक
मेरा मुर्शिद खेले होली' पर सराहा गया सौंदर्या का कथक

जागरण टीम, देवा : देवा के सांस्कृतिक मंच पर शुक्रवार शाम एक बार फिर कथक नृत्य ने सबका मन मोहा। कथक नृत्यांगना के रूप में दिल्ली के जीडी गोयनका विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा सौंदर्या डी. नायर की प्रस्तुति को खूब सराहा गया। सौंदर्या ने सूफी कलाम 'मेरा मुर्शिद खेले होली' पर कथक नृत्य प्रस्तुत किया। उनके नृत्य के भावों को देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो उठे। श्रोताओं ने तालियां बजाकर सौंदर्या का उत्साहवर्धन किया। सौंदर्या के साथ उनकी गुरु रजनी ने भी 'मन कुंतो मौला' पर सूफी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उन्होंने पूर्व निर्धारित तिथि 19 अक्टूबर से एक दिन पहले ही प्रस्तुति दी।

सौंदर्या की बड़े मंच पर यह नौंवी प्रस्तुति रही। वह देवा के अलावा महादेवा, लखनऊ महोत्सव सहित कई अन्य मंचों पर भी अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं। सौंदर्या को कथक नृत्य के लिए प्रेरित करने का श्रेय उनकी मां आइएएस मिनिस्ती एस. को जाता है। मिनिस्ती एस. जिले में वर्ष 2012 से 2014 तक डीएम के पद पर रह चुकी हैं और मौजूदा समय आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा स्टैंप के पद पर तैनात हैं। हर साल मिनिस्ती एस. स्वयं अपनी पुत्री को देवा में लेकर आती थी लेकिन इस बार उनका सीतापुर में भ्रमण के चलते नहीं आ सकी। मिनिस्ती एस. ने 'जागरण' से बताया कि देवा मेला के मंच पर सौंदर्या की प्रस्तुति को मिली सराहना को वह हाजी वारिस अली शाह बाबा का आशीर्वाद मानती हैं। तीन साल की आयु से ही सौंदर्या कथक की प्रस्तुति देने लगी।

सैयां मिले लरिकइयां..

देवा : शुक्रवार को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में निधि श्रीवास्तव एवं दल ने अवधी लोक नृत्य प्रस्तुत किया। लोक सांस्कृतिक गौरव सम्मान से सम्मानित निधि श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना जय देव, जय देव पर नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद उन्होंने मेला गीत छोटे से नन्हें गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। उन्होंने नकटा गीत सैय्यां मिले लरिकइयां और रंगी सारी गुलाबी के साथ ही नन्हीं नन्हीं बुंदियां, सावन झर लागी धीरे-धीरे और अवधी गीत होरी खेले रघुवीरा पर नृत्य प्रस्तुत किया। दल में सपना सिंह, सुप्रिया तिवारी, अनुष्का यादव, अनामिका यादव, नेहा कुमारी, रोली निगम, राधिका तिवारी और देवकीनंदन शामिल रहे। मंच एवं ध्वनि व्यवस्था अविनाश सैनी ने की। ऐ मालिक तेरे बंदे हम..

देवा : दूरदर्शन की कलाकार और विभिन्न महोत्सवों में अपने फन का प्रदर्शन कर चुकीं गायिका सुचिता पांडे ने अपने विभिन्न शैली के गीतों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने ऐ मालिक तेरे बन्दे हम, वो कागज की कश्ती वो बारिश का पानी, सूफी गीत पिया रे-पिया रे, बॉलीवुड गीतों में बिदिया चमकेगी, दमादम मस्त कलंदर, सेंदुर बंगाल के और निर्गुण गीत पागल कहेला न रे लोगवा पागल कहे न'गीत प्रस्तुत किया।

chat bot
आपका साथी