तेज बारिश से खेतों में धान की फसल गिरी

पेड़ गिरने से ठप रहा आवागमन

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 12:33 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 12:33 AM (IST)
तेज बारिश से खेतों में धान की फसल गिरी
तेज बारिश से खेतों में धान की फसल गिरी

बाराबंकी : तेज हवा और बारिश से जहां मौसम में तब्दीली आई है वहीं ज्यादातर स्थानों पर धान की फसल खेतों में गिर गई है। तेज बारिश के कारण पेड़ गिरने से आवागमन ठप रहा तो कहीं बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।

देवा : शाम को आई तेज आंधी के साथ बारिश से काफी किसानों की धान की फसल खेतों में कटी पड़ी थी। भेड़हापुर के किसान गिरीश व प्रदीप ने बताया कि पूरी फसल खेत में गिर गई है। इससे काफी नुकसान हो गया है। रामनगर, सूरतगंज में हल्की बारिश से धान की फसल पर दुष्प्रभाव पड़ा है। त्रिवेदीगंज: तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। तैयार धान की फसल को नुकसान हुआ है। पोखरा: हैदरगढ़ क्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। बारिश से जहां धान की फसल कटी पड़ी है वहां पर जलभराव हो गया है। पानी में डूबी फसल के बर्बाद होने की आशंका है।

निदूरा और रामनगर में गिरे पेड़

निदूरा : टिकैतगंज-बाबागंज मार्ग पर पिड़सावां गांव के निकट तेज बारिश में एक पेड़ गिर गया। इससे आवागमन एक घंटा के करीब बाधित रहा। रामनगर : तेज हवा के चलते रामनगर, फतेहपुर मार्ग पर अमोली कला के निकट दो अर्जुन के पेड़ गिर गए। सूचना पर वन दारोगा अवनीश कुमार द्विवेदी ने पेड़ को हटवाकर मार्ग पर आवागमन शुरू कराया।

पराली जलाने में 28 पर जुर्माना, प्रधान के अधिकार सीज

बाराबंकी : खेतों में पराली जलाने के मामले में 28 लोगों पर 70 हजार का जुर्माना किया गया है, जबकि एक ग्राम प्रधान के समस्त अधिकारी डीएम के निर्देश पर सीज किए गए हैं।

उप कृषि निदेशक अनिल सागर ने बताया कि विगत तीन दिनों में फसल अवशेष जलाने की जिले में 17 जगह घटनाएं हुई। इसके अलावा कूड़ा जलाने की एक जगह घटना हुई। इसके सापेक्ष 28 व्यक्तियों पर 70 हजार का जुर्माना लगाया गया है, जबकि डीएम के निर्देश पर निदूरा ब्लाक के ग्राम मल्लावां की ग्राम प्रधान अनवर जहां पत्नी स्व. तजम्मुल के प्रक्षेत्र में भी पराली जलाने की घटना मिली है। इस पर धारा 95 के तहत ग्राम प्रधान के अधिकार सीज किए जाने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित ग्रामों के ग्राम विकास अधिकारी, लेखपाल एवं कृषि विभाग के कार्मिकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने की दशा में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। दरियाबाद में संगीनों के साए में गुजरेंगी ट्रेन

संवादसूत्र, दरियाबाद (बाराबंकी) : किसान संगठन के प्रस्तावित ट्रेन रोककर प्रदर्शन कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। दरियाबाद में संगीनों के साए में ट्रेन गुजरेंगी। रेलवे स्टेशनों से लेकर क्रासिग व भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सैदखानपुर से दरियाबाद स्टेशन के बीच दो इंस्पेक्टर, छह एसआइ व 32 आरक्षी की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है।

बता दें कि किसान संगठनों का सोमवार को ट्रेन रोकने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। दरियाबाद थाने में दो रेलवे स्टेशन सैदखानपुर व दरियाबाद आते हैं। वहीं, करीब आधा दर्जन से अधिक रेलवे क्रासिग हैं। पुलिस ने सैदखानपुर स्टेशन पर एक प्रभारी निरीक्षक मय फोर्स तैनाती की है। वहीं दरियाबाद स्टेशन की जिम्मेदारी टिकैतनगर प्रभारी निरीक्षक के जिम्मे रहेगी। यही नहीं लालपुरगुमान, दनापुर पर भी इंस्पेक्टर की ड्यूटी रहेगी। दोनों स्टेशनों के मध्य पड़ने वाली रेलवे क्रासिग के अलावा 13 प्वाइंट बनाए गए हैं। एसआइ धर्मेंद्र शुक्ल ने बताया कि 13 प्वाइंट पर फोर्स तैनात रहेगी। थाने की फोर्स के अलावा दो प्रभारी निरीक्षक, छह एसआइ, 32 आरक्षी समेत आधा सैकड़ा पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगी है।

chat bot
आपका साथी