राष्ट्रीय स्तर पर गूंज रही संगीत की 'बहार'

संगीत सिर्फ मनोरंजन का माध्यम ही नहीं मन को सुकून भी

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 10:35 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 10:35 PM (IST)
राष्ट्रीय स्तर पर गूंज रही संगीत की 'बहार'
राष्ट्रीय स्तर पर गूंज रही संगीत की 'बहार'

बाराबंकी : संगीत सिर्फ मनोरंजन का माध्यम ही नहीं मन को सुकून भी देता है। अब यह करियर का विकल्प भी बन चुका है। बाराबंकी के पीर बटावन मुहल्ले में संचालित बहार सुगम संगीत प्रभाग से प्रशिक्षण प्राप्त कर प्रतिभाएं प्रदेश ही नहीं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। यहां बच्चे गायन ही नहीं हारमोनियम, ढोलक, पियानो, गिटार वादन और कथव व वेस्टर्न नृत्य के भी गुर सीखते हैं।

प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर चमक रहीं प्रतिभाएं

गायन में विशारद करने के बाद प्रभात नरायन दीक्षित ने संगीत प्रतिभाओं को निखारने के लिए 1998 में इसकी स्थापना की थी। वह बताते हैं कि दो बच्चों को सिखाने से शुरुआत की थी। अब गर्मी की छुट्टियां में यह संख्या करीब 180 और सामान्य दिनों में 50 से 60 के मध्य रहती है। वह बताते हैं कि बहार सुगम संगीत प्रभाग से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रतिभाएं देवा, महादेवा महोत्सव सहित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर जनपद का नाम रोशन कर रही हैं। आकांक्षा जायसवाल, पूजा पांडेय, अंकित, मोनिका, निष्ठा, ऐमन जावेद फारूकी, रानी सिद्दीकी और आर्यिका पटेल आदि अब अलग-अलग स्थानों प्रशिक्षक की भूमिका निभा कर संगीत प्रतिभाओं को निखारने का काम कर रही हैं। अब तक करीब दस हजार बच्चे यहां से प्रशिक्षण ले चुके हैं। निष्ठा और ऐमन जावेद फारूकी को जहां लखनऊ में अवध स्टार के खिताब से नवाजा जा चुका है वहीं रानी सिद्दीकी व आर्यिका पटेल ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से आयोजित गायन प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभाग कर चुकी हैं। बचपन से था संगीत के प्रति रुझान

सत्यप्रेमीनगर की तान्या भारद्वाज ने कम उम्र में संगीत के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल किया है। तान्या बताती हैं कि स्कूल में कार्यक्रमों में गायन की प्रस्तुति देती रही। बारहवीं में पढ़ाई के दौरान देवा मेला और महादेवा महोत्सव में प्रस्तुति पर लोगों से मिली प्रतिक्रियाओं ने मुझे इस क्षेत्र को बतौर करियर अपनाने के लिए प्रेरित किया। भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय से गायन में बीपीए कर रहीं तान्या भारतेंद्र संगीत नाटक अकादमी से चार वर्षीय कोर्स कथक नृत्य का भी कर रही हैं। वह दूरदर्शन और आकाशवाणी पर भी गायन की प्रस्तुति दे चुकी हैं।

chat bot
आपका साथी