'13 दिन में पूरा कराएं बाढ़ से बचाव के कार्य'

जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने बाढ़ से बचाव के कार्यों का किया अवलोकन

By JagranEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 11:51 PM (IST) Updated:Wed, 19 May 2021 12:05 AM (IST)
'13 दिन में पूरा कराएं बाढ़ से बचाव के कार्य'
'13 दिन में पूरा कराएं बाढ़ से बचाव के कार्य'

बाराबंकी : सरयू नदी की बाढ़ से तटवर्ती गांवों को बचाने के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण मंगलवार को जल शक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने किया। मंत्री कार्यों की प्रगति व गुणवत्ता में की जा रही लापरवाही पर नाराज हो गए। उन्होंने बाढ़ कार्य खंड विभाग के सहायक अभियंता, अवर अभियंता व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। 13 दिन के अंदर यानी 31 मई तक हर हाल में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

रानीमऊ-अली नगर के तटवर्ती गांवों तेलवारी, गोबरहा व कहारन पुरवा सरयू नदी की कटान के मुहाने पर हैं। कटान रोकने के लिए गांवों के किनारे परक्यून पाइप लगाने का काम मुख्य रूप से किया जा रहा है।

हाता पंसारा गांव के निकट परक्यून पाइप लगाने की धीमी गति देखकर मंत्री ने तेजी लाने को कहा। इसके बाद तेलवारी गांव में जियो बैग से स्पर निर्माण का कार्य भी उन्हें असंतोषजनक लगा। गोबरहा गांव में भी बोरियों में बालू भरा जाता देख वह और नाराज हो गए। कहा कि बालू की जगह मिट्टी भरी जानी चाहिए। कहारनपुरवा में अधिकारियों की सक्रियता न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी और जल्द ही दोबारा निरीक्षण करने की बात कही।

मंत्री ने जलभराव की समस्या के निदान के लिए नालों की सफाई कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ से बचाव के कार्यों के लिए जनवरी माह में ही 184 परियोजनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवा दी थी। छह परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। इस मौके पर सांसद उपेंद्र सिंह रावत, विधायक शरद कुमार अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, प्रमुख अभियंता परिकल्प एवं नियोजन अशोक कुमार सिंह, मुख्य अभियंता शारदा सहायक एके सिंह व अधिशाषी अभियंता शशिकांत सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी