बारिश के चलते मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद

बाराबंकी जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में बारिश बाधा बन गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 11:41 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 11:41 PM (IST)
बारिश के चलते मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद
बारिश के चलते मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद

बाराबंकी : जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में बारिश बाधा बन गई। कार्यक्रम रद कर दिया गया। बुधवार की रात से शुरू हुई बारिश नहीं थमी तो गुरुवार की सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर डीएम डा. आदर्श सिंह ने कार्यक्रम स्थगित होने की जानकारी दी।

जनपद इंटर कालेज हरख के खेल मैदान में सुबह 11:30 बजे से एक बजे तक व जीआइसी आडिटोरियम में दोपहर डेढ़ बजे से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का समय निर्धारित था, लेकिन दोनों स्थानों के हेलीपैड व परिसर में पानी भर गया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए बैनर-पोस्टर, होर्डिंग भी क्षतिग्रस्त हो गए। जीआइसी में लगा मुख्यमंत्री के फोटो वाले एक बैनर को ओढ़कर दो श्रमिक बारिश से बचने की कोशिश करते दिखे।

एडीएम संदीप कुमार गुप्ता, एसडीएम पंकज सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने जीआइसी परिसर से पानी की निकासी के लिए नगर पालिका की ओर से पंपिग सेट भी मंगवा लिए थे, लेकिन जब पानी रुका तो पंपिग सेट नहीं चलवाए गए। भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक कुसमेश, सांसद उपेंद्र रावत, विधायक सतीश चंद्र शर्मा, शरद कुमार अवस्थी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रमोद तिवारी सहित अन्य कार्यक्रम स्थल तक पहुंच गए थे। करीब 286 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण के साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन भी मुख्यमंत्री के हाथों होने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। भिटरिया में लगा जाम : बारिश के बावजूद वाहनों से भाजापाई भिटरिया में एकत्र हो गए थे। कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना पर एक साथ सभी वाहन निकले तो हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

विधायक ने बढ़ाया उत्साह : भिटरिया चौराहा स्थित हनुमान मंदिर पर विधायक सतीश चंद्र शर्मा ने कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्धन करते हुए बूथ मजबूत करने की अपील की। विधायक के साथ टिकैतनगर चेयरमैन जगदीश गुप्ता, ब्लाक प्रमुख चंद्र शेखर वर्मा, आकाश पांडेय, रत्नेश सिंह शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी