भाकियू ने मांगी टोल टैक्स में छूट, किया प्रदर्शन

शहाबपुर टोल प्लाजा पर भाकियू टिकैत गुट का प्रदर्शन राष्ट्रवादी गुट ने हैदरगढ़ में दिया ज्ञापन

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 12:15 AM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 12:15 AM (IST)
भाकियू ने मांगी टोल टैक्स में छूट, किया प्रदर्शन
भाकियू ने मांगी टोल टैक्स में छूट, किया प्रदर्शन

बाराबंकी : टोल टैक्स में किसानों को छूट दिए जाने व समितियों पर यूरिया खाद की उपलब्धता सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार को किसान यूनियन के विभिन्न गुटों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा बैठक की। इसके बाद ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।

भाकियू टिकैत गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष राम किशोर पटेल के साथ जिलाध्यक्ष अनिल वर्मा, संरक्षक उत्तम वर्मा, महामंत्री हौसला प्रसाद के साथ कार्यकर्ताओं ने शहाबपुर टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। राम किशोर पटेल ने कहा कि टोल प्लाजा के एक किलोमीटर के निकट वाले किसानों को भी परेशान किया जाता है। टोल प्लाजा का भवन तालाब की जमीन पर बना है इसलिए भवन ढहाया जाए। भाकियू से वार्ता के लिए टोल प्लाजा पर तहसीलदार भी पहुंचे।

टोल टैक्स में किसानों को छूट सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी के जिला प्रभारी राम किशोर मौर्य के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम हैदरगढ़ कार्यालय को दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले किसानों के किसी भी वाहन को मुक्त रखा जाए। बेसहारा पशुओं से निजात दिलाई जाए। समितियों पर खाद की उपलब्धता व नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था कराई जाए। समस्याओं का निरीक्षण 10 अगस्त तक न होने की स्थिति में मुख्यमंत्री से मिलने के लिए लखनऊ तक पैदल मार्च किया जाएगा।

अभिषेक बने महासचिव : भाकियू भानु गुट की बैठक सूरतगंज के मोहम्मदपुर खाला में हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी आशू चौधरी ने अभिषेक वाजपेई को तहसील फतेहपुर का महासचिव घोषित किया। किसानों की समस्याओं के निदान के लिए निरंतर संघर्ष करने की बात भी कही। मंडल अध्यक्ष रवि वर्मा, युवा जिलाध्यक्ष रोहित द्विवेदी मौजूद रहे।

ग्राम लालपुर में पूर्व प्रधान हसीम के आवास पर भाकियू की बैठक हुई। इसमें समितियों पर यूरिया खाद की किल्लत का मुद्दा छाया रहा। इस मौके पर राकेश सिंह, राहुल सिंह सरसवां, प्रमोद कुमार यादव मौजूद रहे। रामसनेहीघाट तहसील परिसर में भाकियू धमेंद्र गुट के ब्लाक अध्यक्ष ज्ञानचंद्र गुप्त ने कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया।

chat bot
आपका साथी