हर हर महादेव से गूंजे शिवालय, किया गया जलाभिषेक

जागरण संवाददाता बांदा सावन के पहले सोमवार को शहर के प्रमुख शिवमंदिरों में आस्था का सै

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 07:16 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 07:16 PM (IST)
हर हर महादेव से गूंजे शिवालय, किया गया जलाभिषेक
हर हर महादेव से गूंजे शिवालय, किया गया जलाभिषेक

जागरण संवाददाता, बांदा : सावन के पहले सोमवार को शहर के प्रमुख शिवमंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शिवालय हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठे। कोविड नियमों का पालन करने वाले मुंह पर मास्क जरूर लगाए रहे, पर शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ती नजर आईं। आराध्य का स्पर्श करने की होड़ मची रही। शिवलिग पर जलाभिषेक और दुग्ध स्नान कराया गया। चंदन-वंदन के साथ भावपूर्ण आराधना कर भोले के भक्त पूरी तरह शिवमय नजर आए। मंदिरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की मोबाइल टीमों को लगाया गया था। ड्रोन कैमरों से भी सुरक्षा का जायजा लिया गया।

शिव पुराण में सावन के महीने में शिव आराधना का विशेष महत्व बताया गया। माता पार्वती ने शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिये सावन के ही महीने में घोर तप किया था। कहा जाता है कि भोलेनाथ के जो भक्त पूरे सावन माह विधिविधान के साथ शिव आराधना करते हैं, उन्हें सिर्फ एक माह के पूजन से ही वर्ष भर के पूजन का पुण्य फल प्राप्त हो जाता है। वामदेवेश्वर महादेव मंदिर में भीड़ से बचने के लिए श्रद्धालु भोर से ही कतार में लग गए। समय बीतता गया मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ बढ़ती चली गई। आलम यह था कि कतारों में खड़े लोग तिल-तिल कर भी आगे बढ़ पा रहे थे। परिसर हर-हर बम-बम के उद्घोष से गूंज रहा था। भक्तों के बीच ओम नम: शिवाय का जाप चल रहा था। बोल बम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना हुआ था। तमाम श्रद्धालुओं ने कोरोना से बचने के लिए मास्क तो पहन रखा था, लेकिन प्रशासन चाहकर भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं करा पाया। बड़ी संख्या में मंदिर कमेटी के स्वयंसेवक भी प्रबंध व्यवस्था में सहयोग करते दिखाई दिये।

वामदेवेश्वर मंदिर में एक-एक को दिया गया प्रवेश

शहर के वामदेवेश्वर मंदिर में कमेटी अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित की अगुवाई में स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को एक-एक करके दर्शन कराने का इंतजाम किया। मंदिर परिसर में भीड़ बढ़ने पर कमेटी के लोग माइक से श्रद्धालुओं शारीरिक दूरी व मास्क पहनने को लेकर जागरूक करते रहे, लेकिन श्रद्धा के सैलाब के आगे उनकी आवाज दबकर रह गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए महिला और पुरुष पुलिस कर्मी तैनात रहे। समय-समय पर पुलिस अधिकारियों की मोबाइल टीमों ने भी वहां पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

------------------------

chat bot
आपका साथी